राष्ट्रीय (04/12/2013) 
रामसेवक पैकरा ने सांसद मुरारी लाल सिंह के अकास्मिक निधन पर शोक व्यक्त
रायपुर, 04 दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने सरगुजा के सांसद मुरारी लाल सिंह के अकास्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरगुजा जिले के एक कर्मठ कार्यकर्ता और सामाजिक जीवन में अमिट छाप छोडऩे वाले मुरारी लाल जी की कमी हमेशा बनी रहेगी। श्री पैकरा ने कहा कि सन् 1977 से मुरारी लाल सिंह ने जनता पार्टी की सक्रिय राजनीति में कदम रखा और सन् 1980 में भाजपा की टिकट पर प्रथम विधानसभा चुनाव लड़ा। श्री मुरारी लाल जी 1981 में भाजपा मण्डल उपाध्यक्ष सूरजपुर बनाये गये एवं 1990 में भाजपा की टिकट पर प्रथम बार विधायक निर्वाचित हुए।
श्री पैकरा ने कहा कि श्री मुरारी लाल सिंह जी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में विभिन्न दायित्वों का निर्वाहन किया। साथ ही 2008 में लघुवनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष चुने गये और उनका कार्य सराहनीय रहा। उन्होंने वनोपज के क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए कई कल्याणकारी योजना बनाई जिसे सरकार ने लागू कर वनोपज संग्रहण कर्ताओं का जीवन स्तर उठाने के लिये कार्य किया, जिसके लिए वे हमेशा याद किये जायेंगे।
भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी जगतप्रकाश नड्डा ने सांसद मुरारी लाल सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे भारतीय जनता पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. दयाराम साहू, सच्चिदानंद उपासने, सिद्धार्थ सिंह, श्रीमती सुधा वर्मा, श्रीमती प्रभा दुबे, श्रीमती रायमुनी भगत, प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा, भूपेन्द्र सवन्नी, प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी, प्रदेश मंत्री संजय श्रीवास्तव, निर्मल सिन्हा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, नंदकुमार साय, गौरीशंकर अग्रवाल, सुभाष राव, पुन्नूलाल मोहले, सांसद रमेश बैस, सरोज पाण्डेय, मधुसुदन यादव, सोहन पोटाई, सिद्धनाथ पैकरा, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह एवं प्रदेश महामंत्री संगठन रामप्रताप सिंह ने भी सांसद मुरारी लाल सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है। 
Copyright @ 2019.