राष्ट्रीय (12/12/2013) 
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद वादाखिलाफी का दौर शुरू - डा. महंत
रायपुर/12 दिसंबर 2013। मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह अपने शपथ ग्रहण के पहले दिन ही गलत बयानी में लग गये है। जनता से और खासकर किसानों से वादाखिलाफी मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी की आदत में शुमार हो चुका है। प्रदेश  कांग्रेस अध्यक्ष डा. चरणदास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री रमनसिंह ने प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर यह गलत दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में अपने घोषणा पत्र में धान का समर्थन 2000 रू. प्रति क्विंटल करने की घोषणा किया था। मुख्यमंत्री का यह कथन पूरी तरह भ्रामक और निराधार तथा अपने जिम्मेदारी से भागने का प्रयास है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो राज्य सरकार धान की खरीदी 2000 रू. प्रति क्विंटल में करेगी। इस मूल्य पर धान खरीदी पर अतिरिक्त जो भी 650 से 700 रू. का भार आता उसे राज्य सरकार अपने वित्तीय संसाधनों से वहन करती। जनता को भुलावे में रखकर तथा झूठे वायदे कर जनमत हासिल करना भारतीय जनता पार्टी की पुरानी फितरत है। इसके पूर्व के चुनावों में भी भाजपा ने अपने घोषणा पत्र तथा संकल्प पत्र में लोक लुभावन वायदे कर जनमत हासिल किया था लेकिन अपने एक भी वायदे को सरकार में आने के बाद पूरा नहीं किया है। मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह अपने वायदों को भूलने के पुराने इतिहास को दोहराने की तैयारी शपथ ग्रहण के तुरंत बाद शुरू कर दिये है। जो सरकार अपने दो कार्यकाल में किसानों से धोखेबाजी की हो, शिक्षाकर्मियों से वायदा खिलाफी की हो, उससे आगे ईमानदारी की उम्मीद किया जाना निरर्थक है। चुनाव के कुछ महिने पहले रमन सरकार ने शिक्षाकर्मियों को उनके नियोजनकाल के आधार पर वेतन में वृद्धि करने की घोषणा किया था लेकिन मतदान के तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित होने के पहले ही सरकार ने शिक्षाकर्मियों के वेतन वृद्धि को वापस ले लिया। भारतीय जनता पार्टी मौका परस्त और अवसरवादी नीति का अनुसरण करती है। यह उनके आचरण से बार-बार सामने आया है। मुख्यमंत्री डा रमनसिंह ने अपने तीसरे कार्यकाल की शुरूआत शपथ ग्रहण के दिन असत्य का सहारा लेकर की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. चरणदास महंत ने कहा है कि कांग्रेस ने 2013 के विधानसभा चुनावों के लिये अपने घोषणा पत्र में कहा था किसानों से 2000 रू. प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जायेगी। डा. महंत ने कहा है कि कांग्रेस ने यह खरीदी राज्य के संसाधनों के बल बूते पर करने की बात कही थी। यह बात सभाओं में पत्रकारवार्ताओं मे मैने और कांग्रेस नेताओं ने लगातार कही थी। अभनपुर में कांग्रेस का जो किसान सम्मेलन हुआ था उसके केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद की उपस्थिति में यह घोषणा मैने प्रदेश  कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में की थी। आज मुख्यमंत्री रमनसिंह ने अपने शपथ ग्रहण के दिन प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को लिखे पत्र में डा. रमनसिंह ने कहा है कि कांग्रेस ने भी अपने घोषणा पत्र में समर्थन मूल्य 2000 रू. करने का वादा किया था। मुख्यमंत्री रमनसिंह का यह कथन सत्य नहीं है। किसानों के साथ शपथ ग्रहण के दिन जो धोखाधड़ी करने और असत्य का सहारा लेने के लिये मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. चरणदास महंत ने कड़े शब्दों में निंदा की है असत्य का सहारा लेने के लिये मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह सिंह को छत्तीसगढ़ की जनता और खासकर किसान कभी माफ नहीं करेंगे।
Copyright @ 2019.