राष्ट्रीय (02/01/2014) 
स्टेच्यू ऑफ यूनिटी' निर्माण हेतु प्रदेश में लौह एवं मिट्टी संग्रहण सहयोग समिति गठित : रमेश बैस
रायपुर, 2 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश लौह संग्रहण सहयोग समिति के प्रदेश संयोजक रमेश बैस ने यह जानकारी दी कि भारत के प्रथम गृह मंत्री स्व. सरदार वल्लभ भाई पटेल, जिनके  अटल एवं दृढ़ इच्छा शक्ति के फलस्वरूप ही भारतीय गणराज्य अपने भव्य और विशाल स्वरूप में दिखाई पड़ रहा है। भारतीय राजनीति के ऐसे महामानव सरदार पटेल की याद को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए गुजरात में विश्व की सर्वाधिक उंचाई वाली सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा स्थापित करने के पावन कार्य का बीड़ा, भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार एवं गुजरात के मुख्यमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी ने उठाया है। स्व. पटेल स्वयं एक किसान थे तथा उन्होंने किसानों के हितों के लिए तत्कालीन अंग्रेज सरकार के विरुद्ध कई आंदोलन भी किये थे। बारादोली का किसान आंदोलन इतने व्यापक स्तर पर हुआ था कि अंग्रेज सरकार की जड़े तक हिल गई थी। भारत वर्ष के निवासी उन्हें एक किसान नेता के रूप में भी याद करते हैं। उनकी स्मृति में बनाई जा रही लगभग 600 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा में पूरे देश के लोगों, विशेष कर किसानों की भागीदारी हो सके, इस तारतम्य में गांव-गांव और शहरों से लौह और मिट्टी संग्रहण का कार्य किया जा रहा है। किसान भाईयों द्वारा कृषि कार्य में उपयोग में आने वाले लोहे के औजारों के अंश तथा उनके खेतों की मिट्टी का संग्रहण हो, ऐसा इस समिति के सदस्यों का प्रयत्न होगा। इस पावन कार्य में सारा देश अपना योगदान एक सूत्र में बंध कर देगा, इसी कल्पना के अनुरूप स्व. सरदार पटेल की प्रतिमा का नामकरण भी 'स्टेच्यू ऑफ यूनिटी' रखा गया है। 

रमेश बैस ने यह जानकारी दी कि इस कार्य के लिए एक प्रदेश समिति का गठन भी किया गया है जिसमें प्रदेश महामंत्री संगठन रामप्रताप सिंह, प्रदेश समन्वयक सच्चिदानंद उपासने, दयाराम साहू, शिवरतन शर्मा, भूपेन्द्र सिंह सवन्नी, सुभाऊ कश्यप, रणविजय सिंह जूदेव, व्ही. विश्वनाथन, श्रीनिवास राव मद्दी, संजय श्रीवास्तव, निर्मल सिन्हा, श्रीमती पदमावती देवांगन, देवजीभाई पटेल, गिरधर गुप्ता, मेजर अनिल सिंह, कृष्णकुमार राय, संतोष पाण्डेय, यशवंत जैन, श्याम बैस, अशोक चावलानी, सुरेश एच.लाल, अनुराग सिंहदेव, श्रीमती शोभा सोनी, संदीप शर्मा, पूनम चंद्राकर, जगन्नाथ पाणिग्राही, बसंत तारक, दीपक महस्के, सुरेश खाखरिया, सत्यनारायण अग्रवाल, शिवनारायण पांडे, दीपक पटेल, प्रहलाद रजक, सिराज भाई, विकल्प सिंह नन्दा, कमलेश ठोकने, तरूण मेहता, शिव चंद्राकर, सुरेन्द्र पाटनी और गिरीश शुक्ला को सम्मिलित किया गया है। 

प्रदेश समन्वयक सच्चिदानंद उपासने ने जानकारी दी कि सभी जिलों में भी लौह एवं मिट्टी संग्रहण के लिए जिलास्तर पर भी समितियों का गठन किया गया है। यह समितियां अपने क्षेत्र में जन-जन तक इस कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने का कार्य कर रही है तथा उन्हें इस पावन कार्य में व्यापक जन समर्थन भी प्राप्त हो रहा है। 

Copyright @ 2019.