राष्ट्रीय (02/01/2014) 
पर्यावरण संरक्षण के साथ पयर्टन गतिविधियों को बढ़ावा: वीरभद्र सिंह

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ मनाली को पर्यटन की दृष्टि से और विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री आज कुल्लू जिले के मनाली में राष्ट्र स्तरीय शरद उत्सव के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनाली और इसके आस-पास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करते समय यहां के पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि यहां का प्राकृतिक सौंदर्य बना रहे और भारी संख्या में पर्यटक आकर्षित हो सकें। उन्होंने कहा कि मनाली शहर और इसके आसपास के क्षेत्र में यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए नेहरू कुंड पर बड़ा पुल का निर्माण किया जाएगा तथा अलेउ के पास सड़क का रखरखाव सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को इस दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।

श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि शरद उत्सव के बेहतर आयोजन के लिए उचित स्थान को चिन्हित कर स्टेडियम के निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा, जिसे मनुरंगशाला के तौर विकसित किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उच्च पाठशाला, फोजल को स्तरोन्नत कर वरिष्ठ माध्यमिक करने की घोषणा की। उन्होंने मनाली प्रेस क्लब को फर्नीचर एवं अन्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए दो लाख रुपये भी स्वीकृत किए। उन्होंने हामटा सड़क को पर्यटकों के लिए खोलने तथा मनाली की विद्युत समस्या के समाधान के लिए इस क्षेत्र को एडी हाइड्रो प्रोजेक्ट से भी जोड़ने की घोषणा की। उन्होंने स्थानीय लोगों से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।

नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष श्री रूप सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विधायक श्री कर्ण सिंह एवं श्री महेश्वर सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता श्री भुवनेश्वर गौड़ और जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बुद्धि सिंह ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने मनाली के निकट 17 मील में लगभग 7.73 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने गांव अलेउ में सहारा वृद्ध आश्रम का शुभारंभ किया तथा मनाली में करीब 63 लाख रुपये से निर्मित जिला परिषद के विश्राम गृह और 6.40 लाख रुपये से निर्मित प्रेस क्लब, मनाली के सम्मेलन कक्ष का उद्घाटन किया। उन्होंने लगभग 2.57 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक अग्निशमन भवन का शिलान्यास भी किया। उन्होंने हिडिंबा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद देश के विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों, स्थानीय महिला मंडलों तथा अन्य संस्थाओं के दलों की झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन सांस्कृतिक झांकियों में विभिन्न राज्यों और स्थानीय संस्थाओं के 25 से अधिक दलों ने लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की।

अलेउ में वृद्ध आश्रम खोलने वाली संस्था आदर्श शैक्षणिक एवं समाज कल्याण समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों के सम्मान व कल्याण के प्रति कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि सहारा वृद्ध आश्रम को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

वन मंत्री श्री ठाकुर सिंह भरमौरी, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री श्री अनिल शर्मा, पूर्व मंत्री श्री सत्य प्रकाश ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष श्री हरि चंद शर्मा, वूल फैडरेशन के अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव श्री सुंदर सिंह ठाकुर, होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष श्री अनूप ठाकुर एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Copyright @ 2019.