राष्ट्रीय (16/06/2014) 
उमा भारती ने केदारनाथ जैसी त्रासदी की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभिन्‍न उपायों की घोषणा की
जल संसाधन मंत्री सुश्री उमा भारती ने एक वर्ष पहले हुई केदारनाथ जैसी त्रासदी को रोकने के लिए विभिन्‍न उपायों की घोषणा की। नई दिल्‍ली में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि उनका मंत्रालय बाढ़ प्रबंधन योजना के अन्‍तर्गत नदियों के उन तटबंधों की मरम्‍मत करेगा जिनका इस त्रासदी के दौरान नुकसान हुआ है। सुश्री उमा भारती ने कहा कि उनका मंत्रालय इस काम में पर्यावरण और पर्यटन मंत्रालय का भी सहयोग लेगा। 

मंत्री महोदया ने कहा कि नदियों में बाढ़ की अग्रिम चेतावनी देने वाले केन्‍द्रीय जल आयोग को अब उंचाई वाले स्‍थानों पर स्थित 50 हेक्‍टेयर से अधिक बडी झीलों में जल स्‍तर बढ़ने पर चेतावनी देने के निर्देश दिये गए हैं। आयोग इन सूचनाओं को संबंधित राज्‍यों को भेजेगा। 

केन्‍द्रीय जल संसाधन मंत्री ने कहा कि कल केदारनाथ त्रासदी की पहली वर्षगांठ पर एक राष्‍ट्रव्‍यापी वृक्षारोपण अभियान और सार्वजनिक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। वृक्षारोपण अभियान गंगोत्री, हरिद्वार, कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, पटना, नवद्वीप और गंगासागर में होगा। इसका मुख्‍य समारोह कल नई दिल्‍ली में होगा।
Copyright @ 2019.