राष्ट्रीय (16/08/2014) 
बलरामपुर में राप्ती नदी खतरे के निशान से ऊपर
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में राप्ती नदी अब खतरे के निशान को पार कर गई है, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। आज सुबह 8:00 बजे नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर 104.79 मीटर तक पहुंच गया जो कि खतरे के निशान 104.62 मीटर से 0.17 मीटर ज्यादा और 11 सितंबर, 2000 को दर्ज किए गए खतरे के उच्चतम निशान 105.25 मीटर से 0.46 मीटर कम है।

इस बीच, कैबिनेट सचिव श्री अजीत सेठ की अध्यक्षता में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति ने नेपाल में बाढ़ की स्थिति के मद्देनजर बाढ़ से निपटने संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही आवश्यकता पड़ने पर नेपाल में बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल को तैयार कर दिया गया है। साथ ही साथ इस कार्य के लिए गोरखपुर में तीन हेलिकॉप्टरों की व्यवस्था भी कर दी गई है।

राज्य सरकारों के साथ मिलकर, उत्तर प्रदेश एवं बिहार में बाढ़ की स्थिति और उत्तराखंड में हाल ही में हुई भारी बारिश व बादल फटने की घटनाओं की भी समीक्षा की गई।
Copyright @ 2019.