राष्ट्रीय (08/09/2014) 
भूपेश बघेल कांग्रेस के सबसे डरपोक प्रदेश अध्यक्ष : भाजपा
रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल प्रदेश कांग्रेस के सबसे डरपोक अध्यक्ष साबित हुए हैं। वे जानते हैं कि अंतागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मंतूराम पवार के नामांकन वापसी में अजीत जोगी का हाथ है लेकिन वे यह बात कहने से बच रहे हैं और अपने डर को छुपाने, वे दिल्ली के जंतर- मंतर में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ जाकर जनता के सामने नौटंकी कर रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि श्री बघेल पहले यह स्पष्ट करें कि कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के सामने अपने ही पार्टी के नेता की शिकायत की, वह सही है या फिर चुनाव आयोग के सामने भाजपा सरकार की शिकायत। जनता जानना चाहती है कि कौन सी शिकायत सही है?  उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के अंतागढ़ उप चुनाव रद्द कराने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर- ंतर में धरना- प्रदर्शन को 'कॉमेडी शो बताया है। साथ ही कहा कि यह छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों की बौखलाहट है। वैसे भी कांग्रेसियों के झूठ -फरेब से देश -प्रदेश की जनता वाकिफ है। कांग्रेसियों को  जनता ने हर बार चुनाव में बुरी तरह नकार दिया है और अब अपने अस्तित्व को बचाने ऐड़ी -चोटी का जोर लगा रहे हैं। 
श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अंतागढ़ विधानसभा के रिक्त पद के लिए होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस में अपने प्रत्याशी को लेकर एका नहीं था। तीन बार हार का हैट्रिक बनाने वाले कांग्रेस नेता मंतूराम पवार को टिकट देकर कांग्रेस की हार का ठीकरा प्रत्याशी के सिर पर फोडऩे का प्रयास किया लेकिन प्रत्याशी  ने खुद ही नाम वापस लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मंसूबे पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी इस कदर हावी है कि कांग्रेस आलाकमान से एक दूसरे की शिकायत करने का सिलसिला अवनरत जारी है। अब तो कांग्रेस नेता पवार ने  कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं  को अंतागढ़ चुनाव में अपनी हार प्रत्यक्ष नजर आने लगी थी। कांग्रेस प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद जब 9 निर्दलियों ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया तो कांग्रेस के नेता परेशान हो गए और भाजपा सरकार पर निर्दलियों पर दबाव डालने का आरोप लगाया और अब अंतागढ़ उपचुनाव को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की 'नौटंकी'  प्रदेश के बाद अब दिल्ली में हो रही है लेकिन जनता जानती है कि कांग्रेसी अपना स्वार्थ सिद्घ करने किसी भी हद तक जा सकते हैं। भाजपा के नेताओं पर झूठे आरोप लगाने वाले कांग्रेसियों पर जनता कभी भरोसा नहीं करेगी। सामने नगरीय निकाय और पंचायत चुुनाव है जिसे देखकर कांग्रेसी जनता को भाजपा सरकार के खिलाफ बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। नगरीय निकायों और पंचायत चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों की जीत निश्चित है। अब केंद्र के साथ ही प्रदेश सरकार की योजनाओं के दम पर छत्तीसगढ़ में विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है।
Copyright @ 2019.