राष्ट्रीय (03/10/2014) 
रायगढ़ में तीन दिनी रोटरी ट्रेड एवं फन फेयर रामलीला मैदान में 12 अक्टूबर से
रायगढ़। रोटरी क्लब आफ रायगढ़ स्टील सिटी द्वारा रैनबो-रोटरी ट्रेड एवं फन फेयर 2014 का आयोजन शहर के मध्य स्थित रामलीला मैदान में आगामी 12 अक्टूबर से किया जाएगा। यह आयोजन तीन दिनों तक चलेगा। यहां पर खरीदारी करने के सामान, खाने-पीने की वस्तुएं तथा मनोरंजन के साधन उपलब्ध होंगे। विगत वर्ष इसी तरह का आयोजन किया गया था, जिसे शहर में सराहना और प्रतिसाद मिला था। त्योहार के माहौल में इस तरह के आयोजन का अपना अलग ही आनंद और महत्व रहता है।

रोटरी क्लब आफ रायगढ़ स्टील सिटी  रैनबो-रोटरी ट्रेड एवं फन फेयर 2014 के चेयरमैन सुशील रामदास अग्रवाल का कहना है कि शहर में इस तरह के आयोजन का होते रहना बहुत जरूरी है। शहर में प्रत्यक्ष मनोरंजन के साधनों की कमी होने से ट्रेड और फन फेयर लोगों को आकर्षित करते हैं। हम इस आयोजन को इस तरह से तैयार करते हैं जिससे शहर की गरिमा बनी रहे और लोग अपने परिवार के साथ आकर खरीदारी, खान-पान और मनोरंजन का भरपूर मजा ले सकें। सुशील रामदास ने कहा कि पिछले वर्ष के आयोजन की सफलता से प्रेरित होकर क्लब ने इस वर्ष भी करने का निर्णय लिया। यह एक तरह का सेवा कार्य भी है, जहां पर हम लोगों को सुविधा, मनोरंजन और बेहतर सांस्कृतिक माहौल तैयार करते हैं। ऐसे बहुत कम अवसर होते हैं, जहां पर आप अपने मनपसंद खरीदारी करते हुए, बच्चों के साथ मनोरंजन करते हुए आधुनिक खानपान का आनंद ले पाते हैं। बच्चों के लिए तरह तरह के खिलौने उन्हें मनोरंजन का नया आनंद देंगे।

 रैनबो-रोटरी ट्रेड एवं फन फेयर आयोजित करने की परिकल्पना क्लब के पूर्व अध्यक्ष डा. मनीष बेरिवाल ने की थी। विगत वर्ष यह आयोजन बहुत सफल और शानदार रहा। रायगढ़ की जनता ने इसे बहुत सराहा। डा. मनीष बेरीवाल ने कहा कि हमारी कोशिश है कि हम रायगढ़ की जनता का बेहतर मनोरंजन करें। इस वर्ष का आयोजन भी बहुत गरिमामय रहेगा। 

फिल्मी सितारे के साथ मनोरंजन
क्लब के प्रेसीडेंट सीए दिनेश अग्रवाल ने बताया कि मनोरंजन के आनंद को बढ़ाने के लिए हमने इस बार फिल्मी कलाकारों को आमंत्रित किया है। इस बार के मुख्य आकर्षणों में इंडियन आयडल फेम ध्रिति सहारन, महाराणा प्रताप फेम फैसल खान, ऐंकर एवं सिंगर सारिका और इंडियास गाट टैलेंट विनर प्रिंस डांस ग्रुप के शानदार प्रदर्शन शामिल किए गए हैं। भरपूर मनोरंजन का पूरा ख्याल रखा गया है। लोगों को अपने इन पसंदीदा फिल्मी सितारों का लाइव परफारमेंस देखने का यह शानदार अवसर है।

स्टालों की बुकिंग
क्लब के सेक्रेटरी डा. सतीश अग्रवाल ने बताया कि रैनबो-रोटरी ट्रेड एवं फन फेयर, स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मनोरंजन, खानपान, विभिन्न तरह के उपभोक्ता वस्तुएं, कपड़े, ज्वेलरी, इलेक्ट्रानिक्स, खिलौने, सजावटी सामान, कास्मेटिक, स्टेशनरी, अध्ययन सामग्री सहित सभी तरह के उत्पादों के प्रचार-प्रसार, विक्रय तथा प्रोत्साहन के लिए स्टाल की बुकिंग की जा रही है।
Copyright @ 2019.