राष्ट्रीय (09/10/2014) 
भूपेश बघेल की ओछी मानसिकता उजागर-भाजपा
रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी एवं संजय श्रीवास्तव ने राज्यपाल निवास में कांग्रेस दफ्तर के भृत्य द्वारा ज्ञापन देने को कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की मानसिकता का ओछापन बताया है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल किस स्तर की राजनीति करते हैं, उन्होंने स्वयं यह स्थापित कर दिया है। 
भाजपा नेता द्वय ने कहा कि अंतागढ़ प्रत्याशी को न संभाल पाने वाले नाकाम कांग्रेसी नेता बघेल ने राज्यपाल पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है और भाजपा इस कुकृत्य के लिए उनसे माफी मंगवाने की मंशा नहीं रखती, बल्कि प्रदेश की जनता कांग्रेस अध्यक्ष के निचले स्तर की राजनीति को देखे और सोचे की कांग्रेस में किन स्तर के लोगों को पदेन किया गया है। भाजपा ने राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी से जानना चाहा है कि राज्यपाल पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले भूपेश बघेल को पद में बने रहने देकर, क्या कांग्रेस पार्टी ने इस कृत्य के लिए अपनी मौन सहमति दे रखी है?
भाजपा प्रवक्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष श्री बघेल को अपना चेहरा आईना में देखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की राजनीतिक इतिहास में आज तक इतने निम्न स्तर का राजनेता नहीं देखा है। छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस पार्टी को विधानसभा व लोकसभा चुनाव में नाकारा है और कांग्रेसियों के ऐसे ही कृत्य जारी रहे तो जनता उन्हें हमेशा नाकारती रहेगी।
Copyright @ 2019.