राष्ट्रीय (12/10/2014) 
धूमल प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास न करें-कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रेम कुमार धूमल के उस बयान की कड़ी आलोचना की है, जिसमें उन्होंने सरकार पर प्रदेश को कर्ज तले दबाने की बात कही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि धूमल झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सत्ता में रहते धूमल के वित्तीय कुप्रबन्धन के चलते प्रदेश को जो आर्थिक नुकसान हुआ है, उसको पटरी में लाने के लिए वीरभद्र सरकार पूरे प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के विकास में धन की कोई कमी आड़े नहीं आ रही है और प्रदेश का संतुलित विकास हो रहा है।

मार्किटिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुभाष मंगलेट, वन निगम के उपाध्यक्ष श्री केवल सिंह पठानिया, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह ने एक संयुक्त बयान में पूर्व मुख्यमंत्री धूमल पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि उन्हें प्रदेश में वीरभद्र सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से डर लग रहा है। इन नेताओं ने धूमल को प्रदेश के लोगों को गुमराह करने के प्रति चेताया है। उन्होंने कहा कि धूमल व भाजपा के कुशासन से प्रदेश के लोग भलीभांति परिचित है। अपने विगत कार्यकाल के दौरान धूमल प्रदेश व कर्मचारियों के कितने हितैषी रहे हैं, प्रदेश के लोग जानते हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि धूमल की महत्वकांक्षा केवल मुख्यमंत्री पद की रही है। प्रदेश में विधानसभा चुनावों के दौरान पहले मिशन रिपीट का नारा देकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया और फिर जब वे इसमें सफल न हुए तो लोकसभा चुनावों के दौरान केन्द्र में भाजपा सरकार बनने के बाद वीरभद्र सरकार को बर्खास्त करने तक की बाते करते रहे। प्रदेश के लोगों ने धूमल और भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में सरकार एकजुट व मजबूती के साथ खड़ी है। इन नेताओं ने कहा है कि जो नेता विधानसभा में चर्चाओं से भागते हैं वह नेता कभी भी प्रदेश हितैषी नहीं हो सकते।

श्री मंगलेट श्री पठानिया तथा बावा हरदीप सिंह ने कहा कि  भाजपा की कथनी और करनी में दिन-रात का अंतर है, इसलिए धूमल को प्रदेश के लोगों से पूर्व में किए गए अपने कृत्यों और बेबुनियाद बयानों के लिए प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। इन नेताओं ने कहा कि धूमल के मुकरी लाल के सपने कभी पूरे नहीं होंगे। 
Copyright @ 2019.