राष्ट्रीय (27/10/2014) 
छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में अब कमल खिलाएं- कौशिक
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव पूर्व सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि नगरीय निकाय चुनाव में कमल खिलाएं ।  कार्यकर्ता भाजपा का परचम लहराने को तैयार बैठे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वप्न कांग्रेस मुक्त भारत पर जोर देते हुए कहा कि अभी हाल में संपन्न महाराष्ट्र और हरियाणा प्रदेश से इन प्रदेशों की जनता ने कांग्रेस राज्य सरकारों को नकार कर भाजपा के विकास मंत्र को स्वीकार किया है। अब झारखंड और जम्मू कश्मीर की बारी है।  मुझे पूरा विश्वास है कि वहां की जनता भी भाजपा को चुनेगी और कांग्रेस को तीसरे चौथे स्थान पर धकेल देगी।  देश के भाजपा कार्यकर्ताओं के समान रायपुर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा और लोकसभा से कांग्रेस को साफ किया और अब नगरीय निकायों से भी कांग्रेसियों को पार्षद से महापौर पद तक से सफाया करना है और हमारे कार्यकर्ता यह करने में पूरी तरह सक्षम है। 
श्री कौशिक ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं में शक्ति है कि सात बार रमेश बैस को सांसद. डॉ. रमन सिंह को तीसरी बार मुख्यमंत्री और नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बना सकते हैं तो मोदी जी के आह्वान पर प्रदेश से कांग्रेस का सफाया करने के साथ 70 वार्डो में भाजपा का कमल एवं महापौर पद पर भाजपा का परचम भी लहरा सकते हैं। रायपुर की छवि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बनानी है। इसके लिए रायपुर में भाजपा का महापौर होना चाहिए जिससे विकास की गति तेजी से आगे बढ़ सके। हम ऐसा इसलिए कह सकते हैं कि जहां -जहां भाजपा का महापौर है वहां-वहां विकास की गति कांग्रेसी महापौर की अपेक्षा कहीं अधिक देखने को मिलती है। उन्होंने  कहा कि नगरीय निकाय चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव होना है और हम सब मंच में बैठे वरिष्ठ भाजपा भाजपा जन आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपको पार्षद और महापौर बनाने के लिए आपके लिए हम सब कार्य करेंगे और भाजपा का परचम लहराएंगे। 
बूढ़ापारा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरम लाल कौशिक, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) रामप्रताप सिंह भाजपा महामंत्री शिवरतन शर्मा, कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, नगरीय मंत्री अमर अग्रवाल पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत, विधायक श्रीचंद सुंदरानी, नवीन मारकण्डेय, लीलाराम  भोजवानी, श्याम बैस, सुनील सोनी, संजय श्रीवास्तव, राजीव अग्रवाल, छगन मुंदड़ा, सच्चिदानंद उपासने, भाजपा रायपुर जिलाध्यक्ष अशोक पाण्डेय, सुभाष तिवारी, भाजपा महिला मोर्चा से श्रीमती रश्मि शर्मा, मीनल चौबे, गोपी साहू, सलीम अशरफी, मोहन एंटी, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष संदीप शर्मा, अशोक बजाज, आशीष अग्रवाल, अमरजीत छाबड़ा, संजूनारायण सिंह ठाकुर, प्रफुल्ल विश्वकर्मा,जयंती पटेल, औंकार बैस, गोवर्धन खंडेलवाल, छगन मुंदड़ा आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने  छत्तीसगढ़ी में संबोधित  करते हुए कहा कि चुनाव में टिकट किसी को भी मिले कमल फूल का झंडा उपर रहना चाहिए। रायपुर शहर को राजधानी की तरह विकसित कर सकती है तो वो केवल भाजपा की सरकार ही कर सकती है। अभी -अभी आप सभी ने दीपावली की सफाई की ही वैसी निकाय चुनाव में कांग्रेस की सफाई करनी है और कमल फूल का महापौर राजधानी में बनवाना है। रायपुर, बिलासपुर व राजनांदगांव की जनता ने तय कर लिया है कि पिछली गलती नहीं दोहराएंगे। उन्होंने देख लिया है कि कांग्रेसियों ने इन तीनों शहरों में विकास की गति धीमी कर दी है। इसलिए इस बार जनता सभी नगर निगमों- नगर पालिकाओं में भाजपा का महापौर जिताने कृतसंकल्पित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाते हुए कहा कि टिकिट किसी को भी मिले लेकिन कमल फूल छाप ही वार्डों से लेकर महापौर पद तक जीते इस बात का ध्यान रखना है।
नगरीय निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए  कहा कि  राज्य सरकार ने नगर निगम को पूरा  सहयोग किया लेकिन रायपुर महापौर ने विकास कार्य में ध्यान नहीं लगा के अडग़ा लगाने की दिशा में कार्य किया और रायपुर का विकास उस तरह से नहीं हो पा रहा जैसा कि पहले भाजपा के महापौर के समय हुआ करता था। चार पहले एम्यूजमेंट पार्क का  टेंडर निकाला गया लेकिन महापौर ने स्वीकृति न देकर केवल अड़चने ही पैदा की । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 100 स्मार्ट सिटी की घोषणा कर रही है जिसमें रायपुर का नाम भी शामिल है लेकिन कांग्रेस के अड़ंगे लगाने वाला महापौर रहने से हम स्मार्ट सिटी बनाने के सपने नहीं देख सकते  इसलिए आने वाले चुनाव में भाजपा का महापौर जीताकर आप अपने शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। आने वाले नगरीय निकाय चुनाव में हर वार्ड में भाजपा का पार्षद भी जिताना होगा ताकि जगह-जगह सफाई रहे व सुंदर गार्डन का निर्मांण हो सके।
पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश  मूणत ने सम्मेलन में कहा कि राजधानी रायपुर में भाजपा का महापौर हो यह मेरा और आप सभी का संकल्प होना चाहिए। इस संकल्प को पूरा करने का आग्रह करने के साथ ही रायपुर के 70 वार्डों में कमल फूल प्रत्याशी जीतकर आए यही आह्वान करता हूं ताकि रायपुर की तस्वीर और तकदीर को बदला जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की महापौर अपने कार्यकाल के पांच वर्षों में एक भी उपलब्धि नहीं गिना सकती। तेलीबांधा तालाब सौंदर्यींकरण, इंडोर स्टेडियम - आउटडोर स्टेडियम , गार्डनों का सौंदर्यीकरण , स्वीमिंग पूल  का निर्माण, हॉकी स्टेडियम का निर्माण यह सब कार्य भाजपा के महापौर रहते हुए किए गए थे। हमने कभी नहीं सोचा कि रायपुर में किस पार्टी का महापौर है हमने कई करोड़ रुपये निगम को विकास के लिए दिए लेकिन रायपुर की महापौर कुछ कर पाने में सफल नहीं हो सकी। उन्होंने रायपुर में तेजी से विकास और वार्डों की सफाई अच्छी तरह से हो सके इसके लिए सभी वार्डों में एवं महापौर पद पर भाजपा को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।  सम्मेलन के आरंभ में नगर निगम में नेताप्रतिपक्ष सुभाष तिवारी, सभापति संजय श्रीवास्तव, भाजपा रायपुर जिलाध्यक्ष अशोक पाण्डेय ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि इस बार जनता शहरों की गंदगी के साथ ही कांग्रेस का भी सफाया करने की ठान ली है। पिछले पांच साल तक केवल आरोप- प्रत्यारोप और मनमानी करने वाली काग्रेस की महापौर को सबक सिखाने के लिए जनता चुनाव का इंतजार कर रही है। कार्यक्रम का संचालन सूर्यकांत राठौर ने आभार ओंकार बैस ने व्यक्त किया।
Copyright @ 2019.