राष्ट्रीय (06/11/2014) 
भाजपा सदस्य संख्या में भी रिकार्ड बनाएगी- नड्डा
रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में भारतीय जनता पार्टी की ऑन लाइन सदस्यता अभियान पर कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने १८००२६६२०२० टोल फ्री नंबर डायल कर सदस्यता ली। इस अवसर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री जगतप्रकाश नड्डा भी मौजूद थे।
श्री नड्डा ने कहा कि भारत में भाजपा के ऑन लाइन सदस्यों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। हम आंकड़ों के आधार पर साबित करेंगे कि हमारे सदस्यों की संख्या कितनी है। हमारी कोशिश है कि हम सारे रिकार्ड तोड़े और देश में सबसे ज्यादा सदस्यों वाली बड़ी पार्टी बनकर उभरें। लोकसभा और विधानसभा ही नहीं बल्कि बूथ स्तर पर भाजपा के सदस्य संख्या का पता आसानी से चल जाएगा। इससे हर कार्यकर्ताओं को काम मिलेगा। सदस्यों को आईडी नंबर मिलेगा और उसके आधार पर कार्यकर्ता उस सदस्य का नाम, पता, बूथ नंबर और वोटर आईडी का पता करेंगे। साथ ही मोबाइल कंपनियों की स्पीड का भी पता चलेगा। महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा को मिली सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब झारखंड और जम्मू काश्मीर में भी भाजपा अपना परचम लहराने जा रही है। 
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पूरे देश में १ नवंबर से भाजपा की ऑन लाइन सदस्यता अभियान की शुरूवात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी को सदस्यता दिलाकर की है। 'सशक्त भाजपा -सशक्त  भारत और 'साथ आएं- देश बनाएं का आह्वान करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने हमें लक्ष्य दिया है जिसे हम कार्यकर्ताओं के दम पर हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सांसद, विधायक सभी अपने लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भाजपा के सदस्यता अभियान को गति देंगे। यह बड़ी खुशी की बात है कि छत्तीसगड़ के जितने भी प्रभारी रहे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोशन मिलता रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को गृह मंत्रालय मिला तो श्री जगत प्रकाश नड्डा को राष्ट्रीय महामंत्री के साथ ही केंद्रीय चुनाव समिति में सचिव जैसा महत्वपूर्ण पद मिला है। आज कार्तिक पूर्णिमा है और आज के दिन छत्तीसगढ़ में भाजपा ने ऑन लाइन सदस्यता अभियान का आगाज किया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के ऑन लाइन सदस्यता के साथ ही सदस्यता बुक से सदस्य बनाने का काम भी चलती रहेगा। भाजपा का सदस्य बनाने के लिए समाज के हर वर्ग के लोगों से उनके घरों, चौपालों, मुहल्लों और गली, बाजार- हाट में जाकर मिले और भाजपा से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश कार्यालय में समाज के विभिन्न वर्ग, समाजसेवी, डॉक्टर, वकील अल्पसंख्यक समुदाय से वरिष्ठ नागरिकों ने भाजपा की सदस्यता ली है जो शुभ संकेत है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद अब नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा का परचम लहराने का संकल्प हम सभी ने लिया है। हमें सशक्त भाजपा के साथ ही सशक्त भारत का निर्माण करने लोगों को जोडऩा है। हम लोगों को बताएं कि भाजपा अटल जी और आडवानी जी की मेहनत के दम पर आज इस मुकाम तक पहुंची है। हम भाजपा सरकारों की योजनाओं को लेकर जनता के बीच  जाकर बताएं। लोग भाजपा से जुड़कर गर्व महसूस करें ऐसा माहौल तैयार करें। ऑन लाइन सदस्यता के उद्देश्य पर चर्चा करते हुए कहा कि इस अभियान से हम लोगों को सरलता से भाजपा को जोड़ सकते हैं और अपने सदस्यों की संख्या का पता लगा सकते हैं। क्योंकि यह पूरी तरह से पारदर्शी है।
इससे पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी जगतप्रकाश नड्डा के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्तव के दम पर आज प्रदेश में भाजपा को सफलता मिली है। वे प्रभारी रहे या न रहें लेकिन वे छत्तीसगढ़ भाजपा परिवार के सदस्य रहे हैं और रहेंगे। उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने श्री नड्डा का शाल श्रीफल के साथ सम्मान किया। 
इससे पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने भाजपा के ऑन लाइन सदस्यता अभियान पर आयोजित कार्यशाला के संबंध में कहा कि भाजपा में हर छह साल में सदस्यों को फिर से सदस्यता दी जाती है। एक नवंबर को दिल्ली के बाद ६ नवंबर को छत्तीसगढ़ में भाजपा ने ऑन लाइन सदस्यता अभियान का शुभारंभ भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को सदस्यता दिलाकर की गई। अब पूरे २९ जिलों में यह अभियान चलाया जाएगा। भाजपा और मजबूत बनकर उभरेगी और भारत और सशक्त होगा। हमें राष्ट्रीय नेतृत्व से प्राप्त लक्ष्य को हर हाल में पूरा करना है। कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी ने किया।
इस कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री जगतप्रकाश नड्डा,राष्ट्रीय महामंत्री सुश्री सरोज पांडेय, राष्ट्रीय मंत्री रामविचार नेताम, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद रमेश बैस, सांसद नंदकुमार साय, सांसद व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, प्रदेश भाजपा महामंत्री  (संगठन)रामप्रताप सिंह,मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा, मंत्री श्रीमती रमशीला साहू,पूर्व मंत्री हेमचंद यादव, चंद्रशेखर साहू,  वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने, प्रदेश कार्यालय प्रभारी सुभाष राव,नगर निगम सभापति संजय श्रीवास्तव, अशोक बजाज,यशवंत जैन, छगन मुंदड़ा, गोवर्धन खंडेलवाल आदि मौजूद थे।
Copyright @ 2019.