राष्ट्रीय (14/11/2014) 
गृह मंत्री ने पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित दी, साथ ही लोगों से आह्वान किया कि वे देश के विकास में योगदान दें
केन्द्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि लोग देश के विकास के लिए कार्य करें और वैज्ञानिक प्रकृति को आत्मसात करें। पंडित नेहरू के 125वें जन्मदिवस के अवसर पर आज यहां एक समारोह में श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पंडित नेहरू के योगदान, उनके व्यक्तित्व, राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा लोगों के साथ उनके जुड़ाव के कारण उऩ्हें लोगों का प्यार और सम्मान कई वर्षों तक मिलता रहा। 

पंडित नेहरू को राष्ट्र पुरूष बताते हुए गृह मंत्री ने कहा कि उऩ्होंने कठिन समय पर देश को मार्ग दिखाया और एक नई दिशा दी। श्री राजनाथ सिंह ने पंडित नेहरू की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को भी साथ लेकर चलने का दृष्टिकोण अपनाया। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू को भारतीयों की परिपक्वता और क्षमता पर भरोसा था और इसलिए आज भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है। 

श्री राजनाथ सिंह ने विदेश नीति, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, योजना और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में पंडित नेहरू के योगदान की चर्चा की और कहा कि पहले प्रधानमंत्री तथ्यों पर गौर करने वाले व्यक्ति थे जैसा कि मिश्रित अर्थव्यवस्था को अपनाने से संकेत मिलता है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्र हित में एक साथ खड़े होने की आवश्यकता बतायी। उन्होंने कहा कि हमें ऐसी कोई बात नहीं करनी चाहिए जिससे देश की छवि खराब होती हो अथवा लोगों के बीच दहशत पैदा होती हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों के मन में विश्वास की भावना होनी चाहिए। उन्होंने पंडित नेहरू की 125वीं जयंती उपयुक्त तरीके से मनाने में सबसे आगे रहने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। 

इससे पहले केन्द्रीय गृह मंत्री ने वित्त मंत्रालय द्वारा पंडित नेहरू की स्मृति में निकाले गए दो स्मारक सिक्के जारी किए। उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री पर एक पोर्टल भी शुरू किया जिसमें पंडित नेहरू की तस्वीरें, ऑडियो वीडियो रिकॉर्डिंग, उनके चुने हुए कार्य और उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं की जानकारी है।
Copyright @ 2019.