राष्ट्रीय (20/11/2014) 
भाजपा सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक संपन्न
रायपुर। सांसद रमेश बैस ने कहा कि सदस्यता अभियान भाजपा का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। केंद्रीय नेतृत्व ने इसे बड़ी गंभीरता से लिया है और उन्होंने निर्देश दिया है कि प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक की ईकाईयां इसे क्रमबद्घ और समयबद्घ तरीके से चलाएं। श्री बैस गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित भाजपा सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
श्री बैस ने कहा कि हिन्दुस्तान विश्व का एक ऐसा देश है जहां कुल संख्या का 65 प्रतिशत युवा हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सोच है कि अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी के साथ  जोड़ा जाए। यह परिकल्पना पार्टी के प्रचलित सदस्यता अभियान जो कि रसीद काटकर किया जाता था, के द्वारा   संभव नहीं हो सकता था। इसलिए पार्टी ने आज नवीन टेक्नालॉजी युग को ध्यान में रखते हुए ऑन लाइन सदस्यता अभियान शुरू की है जो भारतीय राजनीति में एक अभिनव प्रयास है। श्री बैस ने कहा कि यह प्रयास अभी तक काफी सफल है। प्रति घंटा हजारों लोग भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बन रहे हैं। ऐसा सदस्यता अभियान आज तक किसी पार्टी का नहीं चला है। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का नारा दिया था और इसे व्यापक अभियान के रूप में चलाया। भाजपा का यह सदस्यता अभियान कांग्रेस के ताबूत का आखरी कील साबित होगा।
प्रदेश महामंत्री व सदस्यता के प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने सदस्यता अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2014-15 में  सभी वर्तमान सदस्यों को नये सिरे से पुन: सदस्य बनाना है, जो 6 वर्ष के लिए होंगे। पार्टी की नींव मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान को समाज के सभी वर्गो तक ले जाना है। इस प्रयास से हमारी पार्टी और मजबूत होगी एवं हमारा राजनीतिक क्षेत्र व्यापक होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दो अंग हैं। पहला - प्रचार तथा दूसरा- इवेंट यानी विभिन्न  कार्यक्रमों का आयोजन। इन दोनों का मुख्य उद्देश्य सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। बड़े पैमाने पर हमारे पास मोबाइल फोन का जो डाटा उपलब्ध होगा उसमें एसएमएस भेजे जाएंगे। कैप, बैज और दुपट्टा आदि प्रचार सामग्री का वितरण भी इस योजना का अंग है। ऑटो रिक्शा, टैक्सी आदि पर स्टीकर लगाने के साथ रेलवे स्टेशन एवं मॉल जैसे स्थानों पर विज्ञापन द्वारा सदस्यता अभियान का प्रचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वातावरण निर्मित करने के लिए भाजपा से संबंधित विषयों पर विभिन्न कार्यक्रम भी कराए जाएंगे। समाज के सभी घटकों तक जैसे आदिवासी- वनवासी और भाजपा, महिला सशक्तिकरण और भाजपा, अनुसूचित जाति, सामाजिक समता और भाजपा जैसे विषयों पर चर्चा का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान को गति देने के लिए हर सप्ताह कार्यक्रमों का आयोजन मंडल स्तरों द्वारा भी किया जाएगा। एक और दो दिसंबर को सभी मंडलों द्वारा रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और एयरपोर्ट पर  कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि 27 से 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में सदस्यता अभियान के संबंध में बैठकें होंगी। सदस्यता अभियान 31 मार्च 2015 तक चलने वाला है और हम सबको पूरी गंभीरता के साथ इस अभियान से जुड़कर नवीन सदस्यों की संख्या का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाना है।    
महामंत्री शिवरतन शर्मा ने सदस्यता अभियान में आने वाली समस्याओं का जिक्र करते हुए उनका समाधान सुझाया। उन्होंने उन संभावनाओं को बेबुनियाद बताया कि ऑन लाइन सदस्यता अभियान से डुप्लीकेसी होगी या आपराधिक किस्म के लोग भाजपा के सदस्य बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑन लाइन सदस्यों की सूची  प्रदेशवार स्क्रूटनी होकर सभी मतदान केंद्रों में जिलों एवं मंडलों के माध्यम से भेजी जाएगी। यहां पर अपात्र लोगों की जानकारी प्रदेश को अवगत कराकर उन्हें सूची से अलग कर दिया जाएगा। 
उन्होंने कहा कि अभियान से पार्टी के विस्तार के लिए पार्टी की विचारधारा वाले लोगों की संख्या बढ़ेगी साथ ही प्रदेश के लोगों में भाजपा की ऑन लाइन सदस्यता अभियान को लेकर उत्सुकता भी बढ़ेगी। पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवार के हर सदस्य को भाजपा का सदस्य बनाएं ताकि हम केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा छत्तीसगढ़ को 20 लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य को आसानी से पूरा कर सके। लक्ष्य पाने की समय सीमा 30 मार्च 2015 है लेकिन हम इस लक्ष्य को 31 दिसंबर तक पूरा कर सकते हैं, इसके लिए हमें बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी।
सह संगठन मंत्री पवन साय ने जिलेवार सदस्यता अभियान का समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हमें इसे पूरी गंभीरता से लेना चाहिए। बूथ स्तर पर घर-घर जाकर इसे गति देने की जरूरत है। परिवार का हर सदस्य भाजपा का सदस्य हो इस पर हमें पूरा ध्यान लगाने की जरूरत है। 
समीक्षा बैठक में सांसद रमेश बैस, भाजपा के कोषाध्यक्ष लीलाराम भोजवानी, भाजपा प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा, भाजपा सदस्यता अभियान प्रमुख भूपेन्द्र सवन्नी, सहसंगठन मंत्री पवन साय, मेजर अनिल सिंह, प्रदेश मंत्री छगन मुंदड़ा,यशवंत जैन,  सच्चिदानंद उपासने, संजय श्रीवास्तव, श्रीचंद सुदंरानी,अशोक बजाज, ओंकार बैस, दीपक म्हस्के, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष बलराम तिवारी, दुर्ग जिलाध्यक्ष थानूराम साहू,धमतरी जिलाध्यक्ष निरंजन सिन्हा, बलौदाबाजार जिलाध्यक्ष अजय राव, भिलाई से श्री वर्मा,कांकेर से भरत मटियारा आदि उपस्थित रहे। साथ ही श्याम बैस, भाजपा रायपुर जिलाध्यक्ष अशोक पाण्डेय, सहित सभी 29 जिलों से भाजपा सदस्यता अभियान प्रभारी के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष- महामंत्री, अन्य प्रदेश पदाधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.