राष्ट्रीय (24/11/2014) 
कांग्रेस की महतारी न्याय यात्रा राजनीतिक नौटंकी: सुंदरानी
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि कांग्रेस की महतारी न्याय यात्रा राजनीतिक नौटंकी है। आसन्न नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने का ख्वाब  देख रहे प्रदेश कांग्रेस तीन गुटों में बंट गई है। पहला भूपेश बघेल, दूसरा अजीत जोगी और तीसरा वोरा गुट जो कि दिल्ली से रिमोट द्वारा संचालित हो रही है। प्रदेश की जनता जानती है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल ने पिछले दस सालों में जनता के स्वास्थ्य की किस तरह चिंता की और स्वास्थ्य संबंधी अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में रविवार को पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए श्री सुंदरानी ने कहा कि पेंडारी नसबंदी कांड से प्रदेश की भाजपा सरकार के साथ ही हर कार्यकर्ता व्यथित है। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। जैसे ही घटना की जानकारी प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को हुई उन्होंने तत्काल इस मामले के दोषी डॉक्टर को निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही दवा आपूर्ति करने वाले महावर एंड कंपनी के संचालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया। पूरे मामले की न्यायिक जांच करने के निर्देश दिए हैं।फिलहाल छह दवा कंपनियों पर औषधि प्रशासन विभाग ने प्रतिबंध लगाया है।  मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले में जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि देश का पहला राज्य है जिसके संवेदनशील मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस कांड में  मृृत महिलाओं के परिजनों को चार लाख मुआवजा देने तथा गंभीर रूप से पीडि़त महिलाओं के बेहतर इलाज  के लिए हर संभव प्रयास किया तथा मृतक महिला के बच्चों को गोद लेकर उनके लालन -पालन के साथ ही उनकी शिक्षा-दीक्षा करने की पहल की है। इसे एक अनूठा उदाहरण कहा जा सकता है। दूसरी कांग्रेस पेंडारी कांड को लेकर सिर्फ घडिय़ाली आंसू बहाने के साथ ही महतारी न्याय यात्रा निकाल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है लेकिन कांग्रेस को राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई स्टैंड नहीं है वह कभी कुछ कहती है तो कभी कुछ। कांग्रेस के मुंह से नैतिकता की बात अच्छी नहीं लगती। अविभाजित मध्यप्रदेश में भोपाल गैस कांड में करीब ३००० मौतों के जिम्मेदार वारेन एंडरसन को तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह ने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के आदेश पर  ने केवल बचाने का कार्य किया बल्कि अपने विमान से ससम्मान प्रदेश से बाहर छोड़ आए थे। दिल्ली में निर्भया कांड हुआ तब प्रदेश कांग्रेस ने तत्कालीनी मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से इस्तीफा क्यों नहीं मांगा? 
उन्होंने राशनकार्ड मुद्दे पर कहा कि लाखों की संख्या में प्रदेश में फर्जी राशन कार्ड बनाए गए और जब प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राशन कार्डों की जांच के निर्देश दिए तो कांग्रेसी इसका विरोध करते हुए अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। बिलासपुर में कविता फार्मा द्वारा बिना लायसेंस दवा निर्माण करने के सवाल पर श्री सुंदरानी ने कहा कि  नगरीय निकायों में महापौर की जिम्मेदारी होती है कि वह इस तरह के मामलों में सतत निगरानी रखे। नकली दवा बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ पूरे प्रदेश में छापामार कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल छह दवा कंपनियों पर औषधि प्रशासन विभाग ने प्रतिबंध लगाया है। महावर कंपनी की दवा सिप्रोसिन में चूहे मारने की दवा मिलने संबंधी रिपोर्ट आने के बाद महावर कंपनी के संचालक पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि नसबंदी कांड के किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में प्रदेख के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल को दोष देना कहां तक न्याय संगत है?
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह जीवनदाता हैं, क्योंकि वे एक डॉक्टर भी हैं और उन्होंने छत्तीसगढ़ में चिकित्सकीय सुविधा के अभाव में चिकित्सा की। यही वजह रही कि उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर से बेहतर बनाने का कार्य किया। प्रदेश भाजपा के प्रभारी रहे जेपी नड्डा आज केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए हैं। पेंडारी नसबंदी कांड में प्रभावितों की मदद के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवेदन पर तत्काल दिल्ली से डॉक्टरों की टीम छत्तीसगढ़ भेजी जो यहां प्रभावितों महिलाओं की चिकित्सा कर रहे हैं। अपोलो के डॉक्टरों को भी चर्चा उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने बेहतर से बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी मेकाहारा में आज अत्याधुनिक चिकित्सकीय उपकरण है जिनसे प्रदेश के साथ ही प्रदेश के बाहर के लोग भी इलाज कराने आते हैं। उन्होंने कहा कि मेकाहारा की आलोचना तो मैं भी करता हूं लेकिन पिछले दस सालों में प्रदेश के मुख्यमंत्री के भागीरथी प्रयास का नतीजा यह है कि निजी चिकित्सालयों से बेहतर और मुप्त इलाज की सुविधा मेकाहारा में मरीजों को मिल रही है। अगर मैं कभी अस्वस्थ हुआ तो मैं स्वयं मेकाहारा में इलाज कराउंगा। निजी चिकित्सालयों में इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूल की जाती है जबकि यही सुविधा मेकाहारा में मुप्त में प्रदेश के लोगों को दी जाती है।
उन्होंने कहा कि देश से नकारी कांग्रेस अब तीसरे- चौथे नबंर पर है। पिछले दस सालों में विकास को मूल मंत्र मानकर प्रदेश की भाजपा सरकार ने विकास के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य के प्रति पूरी इमानदारी के साथ ही संवेदनशीलता परिचय दिया । यही वजह है कि जनता ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाकर मुखिया डॉ. रमन सिंह पर अपनी आस्था की मुहर लगाई है। 
Copyright @ 2019.