राष्ट्रीय (27/11/2014) 
न्याय यात्रा नहीं बल्कि कांग्रेस ने स्वार्थ सिद्घि यात्रा निकाली है: शर्मा
रायपुर। भाजपा प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा ने कहा कि नसबंदी शिविर पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्घ है और मां की छाया से दूर हुए बच्चों का भविष्य कैसे संजोया जाए इसकी चिंता सर्वप्रथम की जानी चाहिए और सरकार अपनी भूमिका निभाएगी। कांग्रेस पार्टी नैतिकता की बात कर रही है जबकि कांग्रेस शासनकाल में नैतिकता का कोई उदाहरण दिखाई नहीं पड़ता और वे नैतिकता की बात कर रहे हैं। सदैव जनता के आंदोलन को कुचलने और अपनी कारगुजारियों पर पर्दा डाल कर धूल झोंकने का काम करने वाले कांग्रेसी अब विपक्ष में बैठकर भी वही जनता को छलने और उनकी आंखों में धूल झोंकने का काम अपनी पदयात्रा के माध्यम से जारी रखे हुए हैं। उनकी पदयात्रा को कांग्रेस स्वार्थ सिद्घि यात्रा का नाम देते हुए कहा कि कांग्रेसी घडिय़ाली आंसु बहाने के सिवाय कुछ नहीं कर रहे हैं। राहुल गांधी बिलासपुर आए और दिल्ली जाकर उन्हें भूल गए। कांग्रेसी आज पदयात्रा के द्वारा अपना अस्तित्व बचाने के लिए निकले हैं। 
 भाजपा प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा ने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए जो भी संभव प्रयास दिखा उन्होंने किया। न्यायिक जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार करने के अलावा कोई कदम बचता नहीं जिसे मुख्यमंत्री ने ना उठाया हो। हमारी सरकार रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही करेगी। 
 श्री शर्मा ने कांग्रेस पार्टी की पदयात्रा को जनता की भावना से खिलवाड़ करने वाली यात्रा बताया है। कांग्रेसी विगत कुछ दिनों से इस पदयात्रा का आयोजन कर बिलासपुर से रायपुर आए लेकिन कहीं भी किसी भी स्थान पर जनता ने इस यात्रा से अपने को जोड़ा हो ऐसा दिखाई नहीं पड़ा। कांग्रेस की पदयात्रा केवल राजनैतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए आयोजित की गई है। कांग्रेस पार्टी के दोयमदर्जे को जनता पहचानती है और नैतिकता की बात करने वाले कांग्रेसी अपने गिरेबां में पहले झांक कर देखें।
Copyright @ 2019.