राष्ट्रीय (27/11/2014) 
तारा देवी में निजी भूमि पर पेड़ों के कटान के मामले पर जांच शुरु- वीरभद्र सिंह
शिमला, हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि शिमला के निकट तारा देवी में निजी भूमि पर पेड़ों के कटान के मामले पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि निजी भूमि पर बड़ी संख्या में पेड़ों का कटान किया गया है तथा इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वह आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर, शिमला के वार्षिक समारोह के पश्चात पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आगामी हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान सदन में कई महत्वपूर्ण बिल रखे जाएंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रतिपक्ष प्रदेश के विभिन्न विकासात्मक मामलों पर सकारात्मक चर्चा में पूर्ण सहयोग देगा।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के हाल ही के सत्र में वाकआउट को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विपक्ष पर निर्भर करता है कि वह महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा करना चाहती है या नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों से पोर्टमोर स्कूल की छात्राओं के लिए पर्याप्त बस सुविधा सुनिश्चत बनाई जाएगी।

Copyright @ 2019.