राष्ट्रीय (28/11/2014) 
हिमाचल मुख्यमंत्री ने किया अनविता की पुस्तकों का विमोचन
मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने आज यहां 12वीं कक्षा की छात्रा अनविता खोसला द्वारा लिखित पुस्तकों पिंक ईगल एंड फाउंटेन आॅफ यूथ तथा द बर्ड हू वुड नाॅट फ्लाई का विमोचन किया। कुमारी अनविता की पहली पुस्तक सात वर्ष या इससे अधिक के आयु वर्ग के बच्चों के लिए है, जबकि दूसरी पुस्तक सात वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए है।

संयुक्त अरब अमिरात के आबू-धाबी स्थित इंडियन स्कूल में पढ़ने वाली अनविता मूलतः सोलन जिले की रहने वाली है। सोलन जिले के एक ग्रामीण स्कूल में कार्य करते हुए उन्हें किताब लिखने का विचार आया।

मुख्यमंत्री ने नवोदित लेखक के प्रयासों की प्रशंसा की और पुस्तक के माध्यम से उच्च विचारों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कहानियां निश्चित तौर पर छोटे बच्चों का मनोरंजन करेंगी, क्योंकि कहानियों को पढ़ने के साथ-साथ बच्चे तस्वीरों की कल्पना कर उन्हें पन्नों में उकेरकर रंग भरेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों के लिए अनविता द्वारा 2000 पुस्तकों का दान सही मायने में प्रेरणास्पद और स्वागत योग्य पहल है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास युवाओं में पढ़ने के प्रति रूचि उत्पन्न करने में सहायक होंगे।

अनविता के दादा प्रो. पी.के. खोसला, जो सोलन में स्थित शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति हैं और दादी श्रीमती सरोज खोसला भी इस अवसर पर मौजूद थे।
Copyright @ 2019.