राष्ट्रीय (05/12/2014) 
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कम से कम 50 प्राथमिक सदस्य बनाएं- सरोज पाण्डेय
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ को भाजपा का सदस्य बनाने का जो लक्ष्य दिया है उसे पूरा करने का संकल्प हमें लेना है। छत्तीसगढ़ में भाजपा सदस्यता अभियान प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी जी ने भाजपा महिला मोर्चा को भी अहम् जिम्मेदारी दी है इसके लिए हमें बूथ स्तर से कार्य आरंभ करना होगा। भाजपा महिला मोर्चा की एक- एक कार्यकर्ता सदस्यता बुक से कम से कम 50 प्राथमिक सदस्य बनाएं और मुख्य रूप से ऑन लाइन 100 लोगों को सदस्य बनाएं। 
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में जोश भरते हुए सुश्री पाण्डेय ने कहा कि नारी शक्ति क्या नहीं कर सकती। एक बार जिस काम को करने का बीड़ा उठा ले तो वह उसे पूरा करके ही दम लेती है। भाजपा के सदस्यता महा अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आपको एक फार्म दिया जाएगा जिसमें 100 ऑन लाइन सदस्यों की जानकारी मोबाइल नंबर सहित भर कर देना है। यह एक संगठनात्मक कार्य है आप जिन लोगों के संपर्क में हैं उन्हें भाजपा का सदस्य बनाएं। छोटे-छोटे ग्रुप को जोड़कर हम आसानी से लोगों तक अपनी  सोच उन तक पहुंचा सकते हैं। 
उन्होंने कहा कि 12 दिसबंर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह छत्तीसगढ़ प्रवास पर राजधानी रायपुर आ रहे हैं। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी सभा में किसी से भी पूछ सकते हैं भाजपा का सदस्यता अभियान के संबंध में। बैठक में अधिक से अधिक जानकारी लेकर आएं। छोटी- छोटी बातों से संगठन मजबूत होता है। संगठन है तो हम ह और यह हमारा परिवार है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने संगठन को छोड़कर एक परिवार के पीछे चले इसलिए कांग्रेस को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोकसभा में कांग्रेस का नेताप्रतिपक्ष भी नहीं बन पाया। भाजपा को कैसे और किस तरह से रोका जाए इसके लिए राजनैतिक दल लामबंद हो गए हैं। नरेन्द्र मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं बल्कि एक जन सेवक के नाते कार्य कर रहे हैं। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने अच्छे कार्य किये तो देश की जनता ही नहीं बल्कि विश्व के बड़े -बड़े राष्ट्र उनकी मुक्त कंठ से सराहना कर रहे हैं। आने वाले समय में भाजपा और मजबूत हो यह संकल्प लेकर हमें यहां से जाना है। 
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती लतिका शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता ने नकारना शुरु कर दिया है। आज देश में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मंशा है कि भाजपा की ऑन लाइन सदस्यों की संख्या में इतनी हो कि वह देश में सबसे ज्यादा सदस्यों वाली पार्टी बनकर उभरे। पूरे देश में भाजपा सदस्यता महाअभियान का श्रीगणेश नवंबर में हो चुका है। यह बड़े ही हर्ष की बात है कि पूरे देश में भाजपा के सदस्यों की सदस्यता नवीनीकरण के साथ ही नये सदस्यों को रसीद बुक के साथ ही ऑनलाइन सदस्य बनाने का सिलसिला चल रहा है। प्रतिदिन देश में लाखों लोग भाजपा से जड़ रहे हैं। 
श्रीमती शर्मा ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेश यात्राओं से भारत की स्थिति सुदृढ़ होने का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी जी ने देश के लोगों के साथ ही विदेशों में लोगों का दिल जीता है। यह सबसे बड़ी बात है कि इस बार 26 जनवरी 2015 के गणतंत्र दिवस समारोह में अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ ही कई देशों के शीर्षस्थ लोग उपस्थित रहेंगे। भारत की छवि विश्व पटल पर बेहतर होती जा रही है। अनुकुल अवसर का लाभ उठाते हुए अपने-अपने प्रदेशों में ज्यादा से ज्यादा भाजपा के साथ लोगों को जोडऩे की जरूरत है ताकि उन्हें सरकार की योजनाओं के विषय में जानकारी आसानी से दी जा सके। 
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती शोभा सोनी ने भाजपा सदस्यता महाअभियान के लिए छत्तीसगढ़ को मिले लक्ष्य को महिला मोर्चा के द्वारा पूरा करने का आह्ववान करते हुए कहा कि जिस तरह से केंद्र में कांग्रेस गठबंधन सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने में महिला मोर्चा ने संकल्प लिया था ठीक उसी तरह हमें छत्तीसगढ़ की ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को भाजपा का सदस्य बनाकर एक रिकार्ड बनाना है। हमारी कोशिश हो कि 12 दिसंबर को जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रायपुर आएं और हमसे भाजपा के सदस्यता अभियान के संबंध में पूछें तो हम आंकड़ों को दिखाकर भाजपा की महिला सदस्यों की कुल संख्या उन्हें बता सकें। हमें आज यहां से यह संकल्प लेकर जाना है कि हर हाल में बूथ स्तर पर छोटे -छोटे ग्रुपों में समाज के हर वर्ग के घर- घर दस्तक देकर उनके परिवार के सदस्यों को रसीद बुक की स्लीप से या फिर ऑन लाइन सदस्य बनाना है। सदस्यता अभियान 31 मार्च 2015 तक चलने वाला है और हम सबको पूरी गंभीरता के साथ इस अभियान से जुड़कर नवीन सदस्यों की संख्या का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाना है।   
प्रदेश महामंत्री व सदस्यता के प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने सदस्यता अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2014-15 में  सभी वर्तमान सदस्यों को नये सिरे से पुन: सदस्य बनना है, जो 6 वर्ष के लिए होंगे। पार्टी की नींव मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान को समाज के सभी वर्गो तक ले जाना है। इस प्रयास से हमारी पार्टी और मजबूत होगी एवं हमारा राजनीतिक क्षेत्र व्यापक होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दो अंग हैं। पहला - प्रचार तथा दूसरा- इवेंट यानी विभिन्न  कार्यक्रमों का आयोजन। इन दोनों का मुख्य उद्देश्य सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। बड़े पैमाने पर हमारे पास मोबाइल फोन का जो डाटा उपलब्ध होगा उसमें एसएमएस भेजे जाएंगे। 
महामंत्री शिवरतन शर्मा ने कहा कि  भाजपा सदस्यता महाअभियान से पार्टी के विस्तार के लिए पार्टी की विचारधारा वाले लोगों की संख्या बढ़ेगी साथ ही प्रदेश के लोगों में भाजपा की ऑन लाइन सदस्यता अभियान को लेकर उत्सुकता भी बढ़ेगी। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवार के हर सदस्य को भाजपा का सदस्य बनाएं ताकि हम केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा छत्तीसगढ़ को 30 लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य को आसानी से पूरा कर सके। लक्ष्य पाने की समय सीमा 30 मार्च 2015 है लेकिन हम इस लक्ष्य को 31 दिसंबर तक पूरा कर सकते हैं, इसके लिए हमें बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा कि ऑन लाइन सदस्यों की सूची प्रदेशवार स्क्रूटनी होकर सभी मतदान केंद्रों में जिलों एवं मंडलों के माध्यम से भेजी जाएगी। यहां पर अपात्र लोगों की जानकारी प्रदेश को अवगत कराकर उन्हें सूची से अलग कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें इसे पूरी गंभीरता से लेना चाहिए। बूथ स्तर पर घर-घर जाकर इसे गति देने की जरूरत है। परिवार का हर सदस्य भाजपा का सदस्य हो इस पर हमें पूरा ध्यान लगाने की जरूरत है।
इस अवसर पर भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक दीपक म्हस्के ने प्रोजेक्टर के जरिए ऑन लाइन सदस्यता के संबंध में विस्तार से महिला मोर्चा के पदाधिकारियों को जानकारी दी। शायद ही मोबाइल फोन पर नये सदस्यों को किस तरह से भाजपा से जोड़ा जाए, किस तरह से उनकी सारी जानकारी मोबाइल के जरिए ली जाए आदि सवालों का जवाब दिए। 
बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, भाजाप महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री पूजा विधानी,भाजपा महिला मोर्चा रायपुर शहर जिलाध्यक्ष श्रीमती मीनल चौबे, महिला मोर्चा ग्रामीण जिलाध्यक्ष साधना सौरज, निरंजना शर्मा, चंद्रिका चंद्राकर, पार्वती वाधवानी, सरला जैन, अर्चना चौबे आदि बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष व महामंत्री उपस्थित थीं।
Copyright @ 2019.