राष्ट्रीय (09/12/2014) 
प्रदेश कांग्रेसियों की नौटंकी दिल्ली पहुंची: भाजपा
रायपुर। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के खिलाफ पीएम हाउस घेरने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश से नकारे जाने के बाद अब दिल्ली में नौटंकी करने पहुंच  गए हैं। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की लोकप्रियता से बौखलाकर कांग्रेसी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह करने वाले प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की फितरत से जनता पूरी तरह से वाकिफ है। किसानों के मसीहा बनने  की कोशिश करने वाले कांग्रेसी अब हताश और निराश हैं और किसानों को बरगला कर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि जोगी शासनकाल में किसानों की क्या दुर्दशा हुई उसे बताने की जरूरत नहीं है। किसानों पर किस तरह से लाठियां बरसी थी उसे किसान नहीं भुले हैं। आज भी उसकी याद कर वे सिहर उठते हैं। प्रदेश से एक मात्र सांसद व कृषि राज्य मंत्री रहे डॉ.चरण दास महंत ने किसानों के हित में संसद में कितनी बार आवाज उठाई थी यह भी किसान भली भांति जानते हैं। कृषि पर आधारित एक बड़ी परियोजना जो छत्तीसगढ़ को मिलनी थी, उसे भी दूसरे प्रदेश को जाने देने वाले डॉ. महंत आज प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन करने की बात भला किस मुंह से कर रहे हैं? पिछले दस सालों में केंद्र में कांग्रेस गठबंधन की सरकार रही तब क्यों किसानों के हक के लिए संसद से सड़क तक आंदोलन करने की नहीं सोची? आज जब देश की जनता ने उन्हें नकार दिया तो उन्हें किसानों के साथ ही आम आदमी की चिंता होने लगी। अब किसान के किसी के भुलावे में नहीं आने वाले बल्कि वे समझदार हो गए हैं और सब कुछ समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी झूठ की बुनियाद पर सपनों का महल खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।  पिछले दस सालों में किसानों की स्थिति में जो परिवर्तन आया है उसे प्रदेश की भाजपा सरकार की देन कहा जाए तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। 
प्रदेश भाजपा महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि दिल्ली में नौटंकी करने गए कांग्रेस के नेताओं के ढोल में पोल है। प्रदेश में सत्ता पाने गुटबाजी और एक दूसरे की टांग खींचने वाले आज अपनी एकता प्रदर्शित करने दिल्ली की सड़कों और जंतर-मंतर में धरना- प्रदर्शन करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि एक लंबे समय तक केंद्र में सरकार रहने के बावजूद किसानों के हित में प्रदर्शन करने दिल्ली क्यों नहीं गए? आज जब प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और उनकी समस्याओं के निराकरण के संकल्पित है तो कांग्रेसियों के पेट में दर्द होने लगा है। आज प्रदेश में किसान उन्नत तकनीक से कृषि कार्य कर रिकार्ड उत्पादन कर रहे हैं। यह हमारे प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि यूपीए सरकार नें प्रदेश की सरकार को कृषि कर्मण पुरस्कार दिया है।
प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि पूरे प्रदेश में किसानों की आज जो स्थिति है वह प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की संवेदनशीलता, दूर दृष्टि और सकारात्मक सोच का ही परिणाम है। प्रदेश में कृषि पर पूरी तरह से गंभीरता से चिंतन करने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अलग से 8495 करोड़ का कृषि बजट का प्रावधान किया। बीजों पर अनुदान देने के साथ ही कई सिंचाई परियोजनाओं के लिए लाखों रुपये का बजट बनाया। किसानों की दशा और दिशा बदलने की कोशिश करने वाली भाजपा सरकार ने किसानों को शून्य प्रतिशत पर कृषि ऋण, सिंचाई पंपों को मुप्त बिजली देने की व्यवस्था की। किसानों के बच्चों की शिक्षा के साथ ही उच्च स्तर पर पढ़ाई करने की सविधा भी डॉ.रमन सिंह ने सुलभ कराई है। 
Copyright @ 2019.