राष्ट्रीय (12/12/2014) 
भाजपा को विश्व लोकतंत्र की सबसे बड़ी पार्टी बनाना है: अमित शाह
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को जिस तरह से देश में सबसे बड़ी पार्टी बनाया है,उसी तरह विश्व लोकतंत्र में भी भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाएं। आज जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व में देश का नाम रौशन कर रहे हैं, उससे भारत फिर से विश्व गुरु बन गया है।  आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि आज 177 देशों ने 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में मनाना तय किया है वहीं आज प्रदेश की डॉ. रमन सरकार ने शानदार 11 साल पूरे कर 12 वें वर्ष में प्रवेश किया है। 
साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भाजपा सदस्यता महा अभियान सम्मेलन में हजारों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि यह हिन्दुस्तान के लिये आज गौरव का दिन है कि हजारों साल से भारत की योग शिक्षा को विदेशों ने आत्मसात करने की बात कही है। साथ ही यह भी माना है कि योग से शरीर स्वस्थ रहता है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन रहता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़  को नक्सलियों का गढ़ माना जाता था तथा जो छत्तीसगढ़ लगातार नक्सली समस्या से जुझ रहा है लेकिन लगातार 11 साल तक भाजपा सरकार ने विकास की गाथा लिखकर इस मिथक को तोड़ दिया है। यह संभव हो सका है भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की कड़े परिश्रम से। डॉ. रमन सिंह के सुशासन से छत्तीसगढ़ देश में प्रगतिशील प्रदेश बना है। भाजपा सुशासन दिखाना चाहती है और छत्तीसगढ़ राज्य इसका मॉडल है। डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य उत्तरोत्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इसके दो महत्वपूर्ण बिन्दु है पहला भाजपा की विचारधारा और दूसरा भाजपा का सुशासन। भाजपा- सुशासन के जरिए उत्कृष्ट राज्य बनाने का संकल्प लिया है। 
कार्यकर्ताओं की महती सभा में आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की सराहना करते हुए उन्हें शाल-श्रीफल से सम्मनित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ हर क्षेत्र में प्रगति की बात को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां पर मातृ - शिशु मृत्यु दर में लगातार कमी आ रही है। कुपोषण से मुक्ति के लिए पूरे देश को छत्तीसगढ़ ने दिशा दी है। हिन्दुस्तान के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें सात बार कम हई  हंै। यही भारतीय जनता पार्टी का सुशासन है। कभी कांग्रेस ने साठ वर्षों में भी कम करने की तो दूर की बात है इनकी सोच में भी अभाव है। थोक महंगाई दर 7.24 से घटकर 1.22 फासदी पर आ गई है। सरकार ने महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए राजकोषीय और प्रशासनिक उपाय करते हुए 500 करोड़ का मूल्य स्थिरीकरण कोष स्थापित किया है। प्याज और आलू की आपूर्ति बढ़ाने न्यूनतम निर्यात मूल्य बढ़ाया राज्यों को जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के मामलों को शीघ्र निपटाने विशेष अदालत बनाने को कहा । परिणाम स्वरूप छह महीने के भीतर महंगाई में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज हुई है।
 उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन और उद्मिता को उच्च प्राथमिकता देते हुए युवाओं के कौशल विकास के लिए अलग से मंत्रालय बनाया। विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने को मेक इन इंडिया कार्यक्रम शुरू किया। भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी आधारित पारदर्शी तंत्र बनाकर भ्रष्टाचार खत्म करने की दिशा में ई- क्रांति परियोजना की शुरूवात जिस पर अगले कुछ वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। विदेशों में कालाधन वापस लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 27 मई को कैबिनेट की पहली बैठक में ही विशेष जांच दल का गठन किया गया। नीतिगत अपंगता को दूर करने संप्रग कार्यकाल में बनें मंत्रि समुहों को खत्म किया। सचिवों के साथ प्रधानमंत्री ने सीधे संवाद स्थापित कर नौकरशाही को निर्णय लेने को प्रोत्साहित किया। यही नहीं बल्कि टीम इंडिया के रूप में कार्य करने के लिए सभी राज्यों को साथ लेकर चलने के विचार को व्यवहार में उतारा। जम्मू कश्मीर में भीषण बाढ़ तथा ओडिशा और आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं में केंद्र सरकार ने राज्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। 100 नये स्मार्ट शहरों के लिए आम बजट में 7060 करोड़ रुपये का आबंटन किया। 2019 तक भारत को स्वच्छ बनाने अभियान शुरू किया है। ऐसी अभूतपूर्व परिकल्पना नरेन्द्र मोदी जैसा व्यक्तित्व ही कर सकता है। 
छत्तीसगढ़ में भाजपा ने विधानसभा- लोकसभा चुनाव में जबर्दस्त परफार्मेंस दिया है। केंद्र में भाजपा की सरकार और नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बना दिया है। नरेन्द्र मोदी ने देश का मान विश्व के देशों के बीच बढ़ाया है। 'मेक इन इंडिया का नारा तब सार्थक हो गया जब इस कार्य के लिए सोवियत रूस ने काम करना स्वीकार किया। प्रधानमंत्री जन धन योजना के जरिए कैश ट्रांसफर  योजना का लाभ देश के लोगों को दिलाने बैंक खाता खुलवाए जा रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत -सुंदर भारत का नारा देते हुए पूरे देश में स्वच्छता अभियान का आगाज किया। उसे जबर्दस्त समर्थन मिल रहा है और देश को 2019 तक गंदगी से मुक्त करने का संकल्प लिया है उसे जनता के सहयोग से पूरा करने अभियान चलाया जा रहा है। 
खचाखच भरे विशाल मंडप में हजारों कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी लोकतांत्रिक दल भाजपा के सदस्य बन रहे हैं। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां बूथ का एक कार्यकर्ता देश का प्रधानमंत्री बनता है। आज नरेन्द्र मोदी देश का नाम रौशन कर रहे हैं। यह गर्व की बात है कि वर्ष 2014 में हर व्यक्ति भाजपा को सम्मान देना शुरू कर दिया है। हमें भाजपा सदस्यता महा अभियान से जुड़कर केंद्र की नरेनद्र मोदी सरकार और प्रदेश की डॉ. रमन सिंह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताते हुए उन्हें भाजपा से जोडऩे का काम करना चाहिए। नगरीय निकायों और पंचायत चुनाव की ओर पूरे देश की नजर है और हमें हर हाल में भाजपा का परचम लहराना है। हमें देशभर में 10 करोड़ भाजपा का सदस्य बनाना है, ताकि कोई भाजपा को पराजित न कर सके। हम संसार की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनने का  गौरव अवश्य ही प्राप्त करेंगे। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा का सक्रिय सदस्य बनने के लिए प्रत्येक सदस्य को 100 लोगों को भाजपा से जोडऩा होगा। छत्तीसगढ़ में 50 लाख भाजपा के सदस्य बनाने का भरोसा आप लोगों से चाहिए। भाजपा से जुड़कर देश की सेवा करने का सौभाग्य आपको मिलेगा। भाजपा को सेवा का माध्यम बनाकर देश के विकास में सहभागी बनें। भारत माता का सम्मान बढ़ाए। महात्मा गांधी की दांडी यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस यात्रा में महात्मा गांधी के साथ मात्र 85 लोग थे और उन्हें नहीं मालूम था कि गांधी जी क्या करना चाहते थे। बाद में लोगों को मालूम हुआ और भारत को आजादी मिली। इसी तरह नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश का विकास करने आगे आए और भारत को समृद्घ, खुशहाल और प्रगतिशील बनाने में सहभागी बनें।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि बीजेपी सरकार के 11 साल पूरे हो रहे हैं। हमारी सेना अपराजेय सेना है। बीजेपी देश की सबसे बड़ी पार्टी है जिसने विकास को मूल मंत्र माना और देश को नई दिशा देने का काम किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेजी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का तोहफा दिया। प्रदेश में 16 से 29 जिले बनें और प्रदेश की भाजपा सरकार ने खाद्यान्न सुरक्षा पीडीएस मॉडल लाया और पूरे देश के सामने अनूठा मॉडल प्रस्तुत किया। आज 65 लाख परिवारों को 1 रुपये की दर से 35 किलो चावल दे रहे हैं। साथ ही दो किलो दाल, पांच रूपये किलो में चना देकर इस योजना का सफल क्रियान्वयन कर रहे हैं। पिछले साठ सालों में कभी कांग्रेस ने गरीबों के भूख की चिंता नहीं कि न कभी उन्हें चावल देने का काम कांग्रेस नहीं कर पाई। साठ साल तक प्रदेश अंधेरे में रहा लेकिन अब प्रदेश में परिवर्तन का दौर शुरू हो गया है। इस बार धान प्रति एकड़ दस क्विंटल खरीदने का निर्णय लिया गया था लेकिन अपने सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं की मांग पर प्रति एकड़ 15 क्ंिटल धान खरीदने की मांग मान ली। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के गरीबों की बेटियों को सरकारी कॉलेजों में नि:शुल्क शिक्षा देने का निर्णय लिया है। उन्हें नि:शुल्क सायकल वितरण कर शिक्षा की सबसे बड़ी बाधा दूर की। स्वच्छता अभियान को शहर से लेकर गांवों तक के लोग शामिल हो रहे हैं। गांव- शहरों में शौचालय बनाने राशि दी जा रही है। इससे समुचा छत्तीसगढ़ स्वच्छ होगा। प्रदेश में परिवर्तन का दौर भाजपा सरकार के आने के बाद शुरू हुआ है। केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रधानमंत्री धन-जन -योजना अंतर्गत खाता खोलकर उनके खाते में सीधे सब्सिडी की राशि दी जाएगी ताकि वह अपनी इच्छा के अनुरुप उसका उपयोग कर सके। उन्होंने कहा कि सदस्यता महाअभियान से यह संकल्प लेकर जाएं कि हमे बेहतर से बेहतर काम करना है और लोगों को सीधे भाजपा से जोडऩा है ताकि पूरी दुनियां में भारत का डंका बज सके।
Copyright @ 2019.