राष्ट्रीय (22/12/2014) 
नगर निगम में कमल खिलाएं: बृजमोहन
रायपुर। वामन राव लाखेनगर वार्ड क्रमांक- 64 से भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी रमेश सिंह ठाकुर के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते हुए भाजपा नगर निगम रायपुर के चुनाव संचालक व रायपुर दक्षिण के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने मतदाताओं से नगर निगम रायपुर में कमल खिलाने और भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी रमेश सिंह ठाकुर को रिकॉर्ड मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि नगर निगम को कंगाल बनाने वालों को सबक सिखाने का इसलिए 29 दिसंबर को बढ़- चढ़कर मतदान करने जाएं और अन्य लोगों को भी मतदान करने प्रेरित करें।
श्री अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह से विधानसभा और लोकसभा में भाजपा की सरकार आप लोगों ने बनाई है उसी तरह नगर निगम में भी भाजपा की सरकार बनाएं ताकि आपकी समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने नगर निगम रायपुर को विकास के लिए खुले हाथों से राशि दी जिसे कांग्रेस की महापौर खर्च ही नहीं कर पाई। राजधानी के लोगों को नारकीय जीवन जीने विवश होना पड़ रहा है। भाजपा के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा विकास को मूल मंत्र मानती है और सत्ता के माध्यम से जनसेवा करने समर्पित है। रायपुर शहर के चहुमुंखी विकास के लिए भाजपा को चुने।
कांग्रेस के घोषणा पत्र की तुलना भाजपा के संकल्प पत्र से करते हुए उन्होंने कहा कि नकल में भी अकल लगती है लेकिन प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने इस्तेमाल नहीं किया। कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि झूठ बोलकर सत्ता पाने वाली कांग्रेस खुद उलझ कर रह गई है। भाजपा ने जो कहा उसे पूरा कर दिखाया। केंद्र की मोदी सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने देश की जनता से जो कहा था उसे एक-एक कर पूरा करने में प्रधानमंत्री मोदी का पूरा मंत्रिमंडल लगा हुआ है। दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। लोग भारत में निवेश करने को आतुर हैं। 
पूर्व महापौर सुनील सोनी ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी को जिताकर रायपुर के विकास में सहभागी बनने का समय आ गया है। भाजपा का नारा है सबके साथ-सबका विकास। इसे ध्यान में रखें और रायपुर के विकास में सहभागी बनें। पिछले पांच सालों में कांग्रेस की महापौर ने नगर निगम में बैठकर केवल राजनीति करती रही विकास के नाम पर उनकी कोई उपलब्धि नहीं है। राजधानी में जो कुछ विकास नजर आ रहा है वह प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की देन है। मुख्यमंत्री की प्रदेश को ध्यान में रखकर बनाई गई योजनाओं को देश में मॉडल के रुप में स्वीकार किया है। 
वामन राव लाखे नगरवार्ड के प्रत्याशी रमेश ठाकुर ने अपने समर्थसकों के साथ रविवार की सुबह कर्मचारी कॉलोनी, पीयूष नगर, प्रोफेसर कॉलोनी में जबर्दस्त जनसंपर्क करते हुए लोगों से वोट मांगे। मतदाताओं ने उनका जोरदार स्वागत करते हुए जीत का आशीर्वाद दिया। दोपहर 2 बजे के बाद विशाल रैली निकली जिसमें भाजपा प्रत्याशी रमेश ठाकुर के साथ भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की श्रीमती गीता ठाकुर के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, मंडल पदाधिकारी महेश शर्मा के साथ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल थे। शाम पांच बजे के करीब भाजपा के नगर निगम चुनाव संचालक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व महापौर सुनील सोनी वार्ड में पार्षद कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्ड के रहवासियों ने हिस्सा लिया और मंत्री श्री अग्रवाल को भाजपा के प्रत्याशी को रिकॉर्ड मतों से जिताने का भरोसा दिलाया।
Copyright @ 2019.