राष्ट्रीय (24/12/2014) 
पूर्व मुख्यमंत्री को चश्मे की आवश्यकता- कुलदीप पठादिया
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज यहां कुछ समाचार पत्रों में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल द्वारा दिए गए कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित ब्यान, जिसमें उन्होंने प्रदेश सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को असफल करार दिया है, का संज्ञान लेते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को प्रदेश में हो रहे विकास को देखने के लिए शायद चश्मे की आवश्यकता है न कि मात्र अखबारों में ब्यानबाजी करके विकास को मापा जा सकता है।

पठानिया ने कहा कि 13वें वित्त आयोग के अन्तर्गत बेहतर प्रदर्शन के लिए केन्द्र की एनडीए सरकार ने प्रदेश को 23 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रदर्शन अनुदान प्रदान किया है और हैरानी की बात है कि एक तरफ केन्द्र सरकार प्रदेश सरकार के बेहतर प्रदर्शन पर इनाम दे रही है, जबकि प्रदेश भाजपा के नेता सरकार के प्रदर्शन पर उंगलियां उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के कल्याण के उद्देश्य से विभिन्न जन विकासात्मक योजनाएं आरम्भ की गई हैं जिनमें विशेष तौर पर वंचित वर्गों को वरियता प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि हालही में कुल्लू, मनाली तथा अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने सामान्य स्थिति की बहाली के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं तथा लोगों की सुरक्षा के लिए संबंधित जिला उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने के लिए सर्तकता के तौर पर एडवाईजरी जारी की गई है। पठानिया ने धूमल को सोच-विचार कर ब्यान देने तथा लोगों को भ्रमित करने के लिए मीडिया में भ्रामक ब्यानबाजी से दूर रहने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कुंठा से ग्रस्त होकर इस तरह की ब्याजबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा नेता गत दो वर्षों में कांग्रेस सरकार द्वारा स्वच्छ एवं पारदर्शी प्रशासन को पच्चा नहीं पा रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास का दूसरा नाम है और कांग्रेस सरकार विकास करने में विश्वास रखती है, न कि विकास का ढिंढोरा पिटने में। उन्होंने कहा कि धूमल विकास को खुली आंखों से देखें और हकीकत को अपनाना सीखें।
Copyright @ 2019.