राष्ट्रीय (27/12/2014) 
स्थानीय नेताओं ने भी महापौर - पालिकाध्यक्ष,पार्षदों के लिए आमसभाएं ली
 रायपुर। भाजपा नगरीय निकाय चुनाव में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरम लाल कौशिक, सहित अन्य मंत्रियों ने हेलीकॉप्टर से जगह-जगह आमसभाएं, रोड शो कर भाजपा प्रत्याशियों को रिकॉर्ड मतों से जिताने की अपील जनता से की। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने 20 दिसंबर से 27 दिसंबर के बीच 26 आमसभाओं को संबोधित किया और 8 स्थानों पर रोड शो किया। 
 इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आमसभाओं में कहा कि प्रदेश की शहरी जनसंख्या 12 नगर पालिक निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों वाले शहरों में रहती है। यही कारण है कि इन शहरों के विकास के प्रति शासन का विशेष  ध्यान रहता है। इन शहरों में गत दशक में अभूतपूर्व कायाकल्प हुआ है, जो जनता स्वयं जानती है। कुछ शहरों में जहां भाजपा का महापौर नहीं था, वहां विकास की गति धीमी रही और आने वाले पांच वर्षों में हम इस स्थिति को सुधारना चाहते हैं। नगर निगम वाले 10 शहरों को हम स्मार्ट सिटी की परिकल्पना के अनुसार विकसित करने का प्रयास करेंगे। साफ, प्रकाशवान सड़क, सुन्दर बाग-बगीचे, मनोरम जलाशय के साथ- साथ हम इन शहरों को गन्दगी मुक्त शहर बनाना चाहते हैं। इसके लिए आपका सहयोग और समर्थन आवश्यक हैं। बीजेपी देश की सबसे बड़ी पार्टी है जिसने विकास को मूल मंत्र माना और देश को नई दिशा देने का काम किया। 
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के गरीबों की बेटियों को सरकारी कॉलेजों में नि:शुल्क शिक्षा देने का निर्णय लिया है। उन्हें नि:शुल्क साईकल वितरण कर शिक्षा की सबसे बड़ी बाधा दूर की। स्वच्छता अभियान में शहर से लेकर गांवों तक के लोग शामिल हो रहे हैं। गांवों- शहरों में शौचालय बनाने राशि दी जा रही है। इससे समूचा छत्तीसगढ़ स्वच्छ होगा। केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रधानमंत्री धन-जन -योजना अंतर्गत खाता खोलकर उनके खाते में सीधे सब्सिडी की राशि दी जाएगी ताकि वह अपनी इच्छा के अनुरुप उसका उपयोग कर सके। 
इसी तरह हेलीकॉप्टर द्वारा प्रदेशाध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने मंत्री अजय चंद्राकर और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रशेखर साहू के साथ 8 आमसभाएं ली। राष्ट्रीय महामंत्री सुश्री सरोज पाण्डेय ने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ 5 जगहों पर आमसभाएं ली। मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने मंत्री केदार कश्यप और सांसद विक्रम उसेण्डी के साथ 7 स्थानों पर आमसभाओं को संबोधित किया।  राष्ट्रीय मंत्री राम विचार नेताम ने कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के साथ 9 जगहों  पर आमसभाएं लेकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने केदार कश्यप के साथ बस्तर संभाग में आयोजित तीन स्थानों पर कार्यकर्ता सम्मेलनों को भी संबोधित किया। इसमें स्थानीय स्तर पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में ली गई आमसभाओं को जोड़कर सभाओं का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया है।
Copyright @ 2019.