राष्ट्रीय (10/01/2015) 
मुख्यमंत्री ने की शाहपुर के लंज में काॅलेज खोलने की घोषणा
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा जिले की शाहपुर निर्वाचन क्षेत्र के लंज में राजकीय डिग्री काॅलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस काॅलेज का नामकरण देश के प्रथम राष्ट्रपति डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद के नाम पर किया जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लंज में विज्ञान खण्ड के निर्माण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री आज लंज में एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी शमशेर सिंह के घर तक एक किलोमीटर सम्पर्क सड़क का निर्माण दो महीनों के भीतर करने के लिये लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए।

वीरभद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार लंज क्षेत्र के विकास को विशेष ध्यान दे रही है, जो पूर्व सरकार के कार्यकाल में उपेक्षित रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने हमेशा ही विपक्ष के नेताओं को समुचित सम्मान दिया है, और कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी राजनीतिक भेदभाव से प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान व संतुलित विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कभी भी क्षेत्र के आधार पर भेदभाव में विश्वास नहीं किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने नए व पुराने हिमाचल के क्षेत्रवाद को समाप्त किया है, और कहा कि उनकी सरकार हमेशा ही प्रदेश के विकास व अखण्डता के लिए कार्य करती रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने कांग्रेस के गतिशील एवं दूरदर्शी नेताओं के नेतृत्व में प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में हुआ विकास केन्द्र व प्रदेश में सत्तासीन रही कांग्रेस सरकारों की बदौलत हुआ है। प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डा. यशवन्त सिंह परमार के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में विकास की मजबूत नींव रखी और हिमाचल को एक संगठित एवं सशक्त बनने का मार्ग प्रशस्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल के दौरान हुई प्रगति से आज प्रदेश अनेक क्षेत्रों में अव्वल स्थान पर है। उन्होंने कहा कि आरम्भ में प्रदेश में केवल 800 किलोमीटर मोटर योग्य सड़कें थी, जो आज बढ़कर 34000 किलोमीटर हो गई हैं। प्रदेश में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका है, और राज्य देश में शिक्षा हब के तौर पर उभरा है। पिछले दो वर्षों के दौरान प्रदेश के विभिन्न भागों में 717 स्कूलों सहित 14 डिग्री काॅलेज खोले गए। 50 से अधिक स्वास्थ्य संस्थान खोले अथवा स्तरोन्नत किए गए हैं। चम्बा, हमीरपुर और सिरमौर जिलों के लिए तीन मेडिकल काॅलेज स्वीकृत किए गए हैं।

पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने दूरदराज क्षेत्र के दौरे के लिये समय निकालने के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने केन्द्रीय विश्वविद्यालय को शाहपुर में स्थापित करने की अपील की, क्योंकि इस संस्थान का अस्थाई परिसर पहले ही शाहपुर में कार्यरत है।

विधायक एवं पूर्व मंत्री सरवीन चैधरी ने भी इस अवसर पर अपने विचार प्रकट किये। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय विश्वविद्यालय का विस्तार शाहपुर क्षेत्र में करने की मांग की। हि.प्र. वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने मुख्यमंत्री का लंज में राजकीय डिग्री काॅलेज तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लंज में विज्ञान खण्ड के निर्माण की घोषणाओं के लिये आभार प्रकट किया। उन्होंने लंज में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्थापित करने का भी आग्रह किया।

परिवहन मंत्री जी.एस. बाली, शहरी विकास मंत्री श्री सुधीर शर्मा, विधायक यादविन्द्र गोमा, पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री चन्द्र कुमार, पूर्व मंत्री केवल सिंह पठानिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.