राष्ट्रीय (27/03/2015) 
50 हजार रु. लेकर प्राचार्य ही व्हाट्सएप पर लीक करता था पेपर

उज्जैन । माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा में पेपर लीक करने वाला शासकीय स्कूल का प्राचार्य ही निकला। इंदौर के एक परीक्षा केंद्र का केंद्राध्यक्ष यह प्राचार्य एक पेपर का फोटो निजी स्कूल के संचालक को व्हाट्सएप पर भेजता था। इसके एवज में उसे 50 हजार रुपए मिलते थे।

प्राचार्य ने 10वीं के सामाजिक विज्ञान विषय का पेपर भेजने के बाद 23 मार्च को हुई 12वीं की परीक्षा में केमेस्ट्री का परचा भी लीक किया था। पूछताछ में उससे अन्य पेपरों के भी लीक करने की जानकारी मिलने की संभावना है।

एएसपी डॉ. असीत यादव ने बताया पेपर फॉरवर्ड करने वालों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने बुधवार सुबह इंदौर जिले की सांवेर तहसील स्थित शा. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतनखेड़ी के प्राचार्य उदय (52) पिता कृष्णराव वाघमारे को स्कीम नंबर-54, इंदौर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया।

आरोपी प्राचार्य को आईके कॉलेज छावनी में बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत केंद्राध्यक्ष बनाया गया है। इंदौर की क्लर्क कॉलोनी निवासी पवन पिता अशोक बाकड़िया से सांठगांठ कर उदय मोबाइल पर पेपर का फोटो खींचकर भेजता था। इसके बदले में पवन उसे प्रत्येक पेपर के हिसाब से 50 हजार रुपए देता था। पवन भी इंदौर के हीरानगर क्षेत्र में एक स्कूल संचालित करता है।

Copyright @ 2019.