राष्ट्रीय (15/07/2015) 
हरियाणा की सभी साहित्य अकादमियों का होगा पुनर्गठन

हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा कि शीघ्र ही हरियाणा की सभी साहित्य अकादमियों का पुनर्गठन किया जाएगा। पंजाबी भाषा को प्रदेश की दूसरी भाषा का दर्जा दिया गया है। पंजाबी भाषा के अध्यापकों की भर्ती करने के साथ-साथ बी.एड, जेबीटी की तरह ओ.टी. पंजाबी कोर्स भी आरंभ करवाएं जाएंगे।

शिक्षा मंत्री आज सैक्टर-27 स्थित चण्डीगढ़ प्रैस क्लब के 35वें स्थापना दिवस के अवसर पर 'मीट दा प्रैस' कार्यक्रम में बोल रहे थे।

एक प्रश्न के उत्तर में शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा में गुणवत्ता की कमी न केवल हरियाणा में, बल्कि पूरे देश के लिए एक चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व स्वास्थ्य वर्तमान सरकार की दो प्रमुख प्राथमिकताएं हैं और इन क्षेत्रों में बजट का पूरा प्रावधान किया जाएगा। गीता के श्लोकों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है ताकि बच्चों को अच्छे संस्कार मिल सकें।

नई परिवहन नीति के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में शर्मा ने कहा कि हरियाणा परिवहन के सभी कर्मचारी संघों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक के बाद नई नीति बनाई जा रही है। इसके अलावा, क्षमता से अधिक ढुलाई करने वाले वाहनों के लिए केन्द्र सरकार ने बाडी के मानदंड निर्धारित किए हैं। उसी के अनुरूप वाहनों का आकार बनाना होगा। केन्द्र सरकार ने चार माह का समय दिया है जो अगस्त माह में पूरा होगा। राजस्थान की ओर से अवैध खनन के लिए प्रदेश में आ रहे ट्रकों के कारण दुर्घटना व सड़क टूटने के मुद्दे पर पूछे जाने पर शर्मा ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने राजस्थान के परिवहन मंत्री से बात की है। शीघ्र ही हम इसका समाधान निकाल लेंगे।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को लोगों ने जनादेश दिया है। हम इस जनादेश की अवज्ञा नहीं होने देंगे और जन सेवक बन कर सेवा करेंगे।

Copyright @ 2019.