विशेष (18/05/2022) 
कुंडी हटाओ बिजली बचाओ' अभियान: PSPCL की बड़ी कार्रवाई, पुलिस मुलाजिमों को लाखों का जुर्माना

पी.एस.पी.सी.एल. ने 'कुंडी हटाओ बिजली बचाओ' अभियान के तहत जालंधर में बड़ी कार्रवाई की है। बिजली विभाग ने हाल ही में जालंधर में बिजली चोरी करने वाली 3 बड़ी वसूली की है। इन वसूलियों के तहत पी.एस.पी.सी.एल. ने 85 लाख रुपए की बिजली चोरी पकड़ी है जिसमें पंजाब पुलिस के जवान भी बिजली चोरी करते पकड़े गए हैं। जब पी.एस.पी.सी.एल. ने 5 टीमों का गठन किया और पी.ए.पी. परिसर में छापा मारा, तो उन्हें पंजाब पुलिस के 23 कर्मियों के घरों में बिजली की कुंडी लगी मिली है। इसके बाद बिजली विभाग ने पंजाब पुलिस कर्मियों पर 6.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। पी.ए.पी. परिसर में बिजली विभाग ने पंजाब पुलिस कर्मियों के 150 घरों में छापेमारी की।
इसके अलावा जालंधर की 2 बड़ी फैक्ट्रियां भी बिजली चोरी करते हुए पकड़ी गई हैं। इनमें बुलंदपुर की एक प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्ट्री पर 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। एक अन्य फैक्ट्री भी प्लास्टिक का काम करती है जो फोकल प्वाइंट पर स्थित है। यह फैक्ट्री बड़ी ही चलाकी से बिजली चोरी करती थी। बिजली चोरी के आरोप में उद्योग पर 48 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। पिछले 2-3 दिन में बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 85 लाख रुपए की बिजली चोरी पकड़ी है। इसमें पंजाब पुलिस के जवान भी शामिल हैं। जालंधर जोन की बात करें तो पी.एस.पी.सी.एल. ने 21 करोड़ रुपए की चोरी के 1175 मामले दर्ज किए हैं। पिछले साल बिजली चोरी में शामिल लोगों के 2400 मामले सामने आए थे। बिजली विभाग ने उन पर 20 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। बिजली विभाग के मुताबिक जालंधर के पुलिस थाने में अब बिजली चोरी नहीं हो रही है पिछले साल बिजली विभाग ने इन थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। जिसे देखते हुए बिजली चोरी न होने के मामले सामने आ रहे हैं। दूसरी तरफ होशियारपुर और कपूरथला में लगातार थानों के अंदर बिजली चोरी हो रही है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इन जिलों के थानों में ही नहीं बल्कि सरकारी दफ्तरों में भी बिजली चोरी की घटनाएं हो रही हैं।

पंजाब से अश्वनी ठाकुर की रिपोर्ट

Copyright @ 2019.