विशेष (31/05/2022) 
आप पार्टी के मुखिया अरविन्द केजरीवाल, सत्येन्द्र जैन को तुरंत प्रभाव से विधानसभा और पार्टी से बर्खास्त करें।- चौ0 अनिल कुमार
ठीक से जांच हो जाए तो केजरीवाल के और भी मंत्री होंगे जेल में- चौ0 अनिल कुमार


मंगलवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि, आखिर 7 साल की पूछताछ के बाद स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन को ई.डी द्वारा गिरफ्तार किया जाना न्याय की जीत है। उन्होंने हवाला के दोषी सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी देर से होने पर कहा कि, सच को दबाया जा सकता है खत्म नही किया जा सकता। उन्होंने कहा कि , केजरीवाल सरकार में सत्येन्द्र जैन सहित 80 प्रतिशत मंत्री ऐसे है जो अपराधों में संलिप्त है जिनमें से अधिकतर जेल जा चुके है।


प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चौ0 अनिल कुमार ने मांग की कि, केजरीवाल  सत्येन्द्र जैन को तुरंत प्रभाव से विधानसभा और पार्टी से बर्खास्त करें, जबकि केजरीवाल ने घोषणा की थी कि भ्रष्टाचार में लिप्त व्यक्ति गद्दार होगा और गद्दार को पार्टी और सरकार में रहने का कोई अधिकार नही है। प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष  अली मेंहदी और कम्युनिकेशन विभाग के वाईस चैयरमेन  परवेज आलम भी मौजूद थे।

चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने दावा करने वाले अरविन्द केजरीवाल झूठ का चोला ओढ़कर अपनी पार्टी और सरकार के भ्रष्ट नेताओं को बचाने का काम कर रहे है क्योंकि उन्हें मालूम है वे भ्रष्ट लोगों के साथ काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि, सत्येन्द्र जैन को बचाने के लिए केजरीवाल ने उन्हें हिमाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया था और अब गिरफ्तारी के बाद हिमाचल की राजनीति से जोड़कर राजनैतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि , जब केजरीवाल ने पंजाब के मंत्री विजय सिंगला के भ्रष्टाचार में लिप्त होने पर उनकी गिरफ्तारी को सही ठहराया, तो सत्येन्द्र जैन को बचाने में क्यों लगे हैं। उन्होंने कहा कि, सत्येन्द्र जैन, जितेन्द्र तौमर, सोमनाथ भारती, संदीप सिंह और विजय सिंगला पांच मंत्रियों पर भ्रष्टाचार और अपराधिक मामले साबित हो चुके है।


चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि, अरविन्द केजरीवाल अपने राजदार मंत्री सत्येन्द्र जैन को बचाने की, कोशिश इसलिए भी कर रहे है क्योंकि पार्टी के सभी तरह का लेन-देन और काले धन को सफेद बनाने का काम यही करते थे। 26 जनवरी, 2022 को पंजाब चुनाव के दौरान केजरीवाल ने सत्येन्द्र जैन को बचाने के लिए प्रेसवार्ता की और 21 मार्च, 2022 को हिमाचल का प्रभारी बना कर केजरीवाल लोगों को गुमराह कर रहे है तथा भ्रष्टाचारियों को देश भक्त साबित करने की कोशिश कर रहे है। चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि, केजरीवाल के पंजाब और दिल्ली सरकार के बीच नॉलेज शेयरिंग एग्रीमेंट तहत दोनो सरकारों में भ्रष्टाचार का अधिक मजबूती मिलेगी, जिसका जीता जागता उदाहरण पंजाब और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री जेल में है।


चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि,  सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी के बाद जल्द ही दिल्ली को शराब से बर्बाद करने, मंत्री मनीष सिसोदिया के भ्रष्टाचार जल्द ही उजागर होगा और परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के खिलाफ पहले 4288 करोड़ के भ्रष्टाचार का मामला जांच के लिए सीबीआई के आधीन है, जिसका खुलासा प्रदेश कांग्रेस ने किया था, जल्द ही दोनो मंत्री भी भ्रष्टाचार का घोटाला उजागर होने पर जेल में होंगे। उन्होंने कहा कि, ई.डी. द्वारा यह खुलासा करने के बाद कि सत्येन्द्र जैन द्वारा कृषि योग्य 200 बीघा जमीन जो उन्होंने 27.09 करोड़ में खरीदी थी उसका 2013 और 2015 के चुनावी हलफनामें को कोई जिक्र नही है, यह मामला भी जांच के दायरे में आता है। उन्होंने कहा कि, हवाला कारोबार में संलिप्त सत्येन्द्र जैन 2013 से पहले भी गैर कानूनी लेनदेन का काम करते थे, जिसका दायरा विधायक बनने के बाद अधिक बढ़ गया और मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने हमेशा से ही अपने भ्रष्ट मंत्रियों और विधायकों के संरक्षक के रुप में काम किया है।

Copyright @ 2019.