विशेष (12/09/2022) 
हार के डर से भाजपा ‘आप’ नेताओं और दफ्तरों पर रेड पर रेड करा रही है- दुर्गेश पाठक
आप’ विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव में हार के डर से बीजेपी ने ‘आप’ अहमदाबाद हफ्तर में बिना वॉरंट रेड कराई। ना तो दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर की गई रेड में कुछ मिला था और ना ही ‘आप’ अहमदाबाद दफ्तर में कुछ मिला है। भाजपा जानती थी कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात दौरे पर आ रहे हैं इसलिए गुजरात पुलिस की मदद से पहले ही रेड कराई। खुद गुजरात पुलिस ने कहा कि, रेड के लिए कोई वॉरंट जारी नहीं किया गया था। कांग्रेस को पीछे कर आम आदमी पार्टी गुजरात में दूसरे नंबर पर आ गई है। भाजपा और ‘आप’ के बीच का अंतर भी बहुत कम है जिसे हम बहुत जल्द खत्म कर देंगे। गुजरात की जनता भाजपा के 27 सालों के शासन से तंग आकर गुजरात में बदलाव की मांग कर रही है। उन्हें आम आदमी पार्टी में उम्मीद नजर आई है इसलिए हार के डर से भाजपा ‘आप’ नेताओं और दफ्तरों पर रेड पर रेड करा रही है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक दुर्गेश पाठक ने सोमवार को एक डिजिटल प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि, भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से डर गई है। कल इन्होंने गुजरात पुलिस को आम आदमी पार्टी के अहमदाबाद दफ्तर में रेड करने के लिए भेज दिया। उन्हें पता था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का गुजरात में दौरा है। उससे पहले इन लोगों ने गुजरात पुलिस की मदद से ‘आप’ हफ्तर का एक-एक कोना छान मारा लेकिन उन्हें वहां कुछ नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने कुछ दिनों पहले दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर रेड की थी, वहां भी उन्हें कुछ नहीं मिला था। दुर्भाग्य की बात यह है कि पुलिस कह रही है कि छापे का कोई वॉरंट नहीं जारी किया गया था। जब कोई वॉरंट नहीं था तो रेड कैसे की गई। अब जब पकड़े गए हैं तो वह लोग चीख-चिल्ला रहे हैं। सच्चाई यह है कि भाजपा पूरी तरह डर गई है क्योंकि वह गुजरात चुनाव पूरी तरह से हार रहे हैं। कांग्रेस को पीछे कर आम आदमी पार्टी गुजरात में नंबर 2 पर आ गई है। हमारे और भाजजा के बीच का अंतर बहुत कम है जिसे हम जल्द ही पूरा कर देंगे।

Copyright @ 2019.