विशेष (26/09/2022) 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांत के अनुरुप ही कार्य कर रहे हैं-आदेश गुप्ता
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  आदेश गुप्ता ने आज भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मजंयती पर उन्हें श्रद्धांजली अर्पित करते हुए कहा कि, आज पूरा विश्व उनकी एकात्म मानववाद के सिद्धांत को स्वीकार कर रहा है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित उनकी 106वीं जन्मजयंती पर एक समारोह में  आदेश गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी, सांसद, विधायकों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजली अर्पित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री  शिव प्रकाश, नेता प्रतिपक्ष  रामवीर सिंह बिधूड़ी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ हर्षवर्धन, सांसद  रमेश बिधूड़ी, पूर्व केंद्रीय मंत्री  विजय गोयल, प्रदेश महामंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा एवं  दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष  विष्णु मित्तल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थिति थे।
 आदेश गुप्ता ने कहा कि, आजादी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरु के नेतृत्व में बनी सरकार भारतीय विचारों के बजाए विदेशी विचारों से ज्यादा प्रभावित थी। महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय, विपिन चंद पाल सहित अन्य महारथियों के भारतीयता से ओतप्रोत विचारों की बजाए प्रधानमंत्री नेहरु ने पश्चिमी देशों से प्रभावित होकर उसी के अनुरुप चलाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि उस वक्त व्यक्तिवाद, पूंजीवाद और मार्क्सवाद का बोलबाला था और पश्चिम के विचारधारा से नेहरु बहुत प्रभावित थे।

 आदेश गुप्ता ने कहा कि जनसंघ के विचारक और संस्थापक सदस्यों में से एक रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया जिसका आधार भारतीय संस्कृति पर आधारित था और मानव को प्राकृति, समाज और अध्यात्म से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि उस समय पश्चिम की विचारधारा से दुनिया प्रभावित थी, इसलिए इस सिद्धांत को महत्व नहीं दिया गया, लेकिन आज पूरा विश्व इसे स्वीकार करने को आतुर है।

आदेश गुप्ता ने कहा कि, प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांत के अनुरुप ही कार्य कर रहे हैं बल्कि विश्व पटल पर भी भारतीय से ओतप्रोत इस एकात्म मानववाद सिद्धांत को प्रचारित कर रहे हैं। मानव, पर्यायवरण, प्राकृतिक और देशी विकास के सिद्धांत को अब विदेशों में भी मान्यता मिल रही है। उन्होंने कहा कि भारतीयता का पूरे विश्व भर में बोलबाला है और व्यक्तिवाद, पूंजीवाद, और साम्यवाद जैसी विचारधारा से ज्यादा अन्त्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांत को महत्व मिल रहा है।

नेता प्रतिपक्ष  रामवीर सिंह बिधूड़ी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन संस्कारों का उल्लेख करते हुए सभी कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि वे दीनदयाल के अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों के अनुरुप समाज का विकास करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजली होगी और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो काम कर रहे हैं, हम सब को उसमें सहयोग करना चाहिए।
 रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा दिए गए सिद्धांतों का मूल सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान करना है और आज भारत उसी के अनुरुप आगे बढ़ रहा है।

Copyright @ 2019.