विशेष (14/10/2022) 
श्री भोले जी महाराज और माता श्री मंगला जी के सत्संग समारोह में उमड़ा जनसैलाब।
आगरा। परमपूज्य श्री भोले जी महाराज एवं माता श्री मंगला जी ने आईटी पार्क मैदान शास्त्रीपुरम, आगरा में जनकल्याण सत्संग समारोह को सम्बोधित किया। 
भारी बरसात के बावजूद समारोह में जनसैलाब उमड़ पड़ा। आगरा में काफी समय बाद कार्यक्रम होने के कारण भक्त लोग श्री भोले जी महाराज एवं माता श्री मंगला जी के सत्संग-परवचन सुनने और दर्शन करने के लिए लालायित थे।

 भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से अभिभूत/प्रसन्न श्री भोले जी महाराज और माता श्री मंगला जी ने कहा कि आज भगवान भोलेनाथ ने आपकी परीक्षा ली थी, जिसमें आप 100 प्रतिशत नम्बर से पास/उत्तीर्ण हो गये। भारी बारिश के बावजूद आपने अपने विश्वास और धैर्य को नहीं छोड़ा।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड,दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान आदि राज्यों से श्रद्धालु-भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। समारोह का आयोजन हंस ज्योति, ए यूनिट आफ हंस  कल्चरल सेंटर ने किया। इस मौके पर हंस ज्योति की आगरा शाखा के प्रचारक श्री जगदीश जी, जी.एस.कुशवाह, अरुण यादव,  हरेंद्र त्यागी, ब्रजेश शर्मा और कीर्ति सिंह ने श्री भोले जी‌ महाराज और माता श्री मंगला जी को पुष्पहार पहनाकर भव्य स्वागत किया।

अनेक जन्मों के पुण्य कर्मों के बाद मनुष्य को सत्संग की प्राप्ति होती है- भोले जी महाराज
 इस अवसर पर  परमपूज्य श्री भोले जी महाराज ने कहा कि बेटा, पत्नी और धन सम्पत्ति तो पापी के घर भी हो सकती है लेकिन संतों का समागम और भगवान की चर्चा,  ये दोनों चीजें बहुत दुर्लभ हैं। उन्होंने कहा अनेक जन्मों के पुण्य कर्मों के बाद मनुष्य को सत्संग की प्राप्ति होती है। सत्संग हमारे मन के विकारों को दूर कर आत्मिक शांति और आनंद प्रदान करता है। श्री भोले जी महाराज ने अंगुलीमाल और रत्नाकर का उदाहरण देते हुए कहा कि सत्संग और संतों का सानिध्य पाकर दुष्ट प्रवृत्ति के लोग भी सुधर जाते हैं। उन्होंने कहा कि सत्संग समाज में रचनात्मक बदलाव लाने का काम करता है। इस मौके पर श्री भोले जी महाराज ने--हंसा निकल गया पिंजरे से खाली पड़ी रही तस्वीर तथा संदेशा संत फकीरों का तुम्हें याद किसी दिन आयेगा आदि भजन प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सद्गुरु महाराज भक्ति ज्ञान और मोक्ष के दाता होते-माता मंगला जी
आध्यात्मिक विभूति माता श्री मंगला जी ने सदगुरु की महिमा का गुणगान ‌करते हुए कहा कि सद्गुरु महाराज भक्ति ज्ञान और मोक्ष के दाता होते हैं। जिस तरह हमें भौतिक जगत में कोई भी विद्या सीखने के लिए गुरु एवं मार्गदर्शक की जरूरत होती है, उसी तरह भगवान के सच्चे नाम और स्वरूप को जानने के लिए हमें सदगुरु महाराज की खोज करनी होंगी। उन्होंने कहा कि सद्गुरु की कृपा के बिना कोई भी मनुष्य मायारूपी भवसागर से पार नहीं हो सकता।

इस‌ मौके पर मथुरा से आये श्री बृज भजन मंडली के गायकों ने भक्ति, ज्ञान, सत्संग और गुरु महिमा से जुड़े भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। देश के विभिन्न तीर्थों से आये कई संत-महात्माओ ने भी अपने सत्संग विचार रखे। समारोह में विशाल भंडारा और‌ निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री श्री बेबी रानी मौर्य के बेटे अभिनव मौर्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.