राष्ट्रीय (21/12/2022) 
वंदे भारतम दुनिया को वसुधैव कुटुम्बकम और अनेकता में एकता का मजबूत संदेश देता है: श्री ओम बिरला

संस्कृति मंत्रालय ने 19 और 20 दिसंबर को वंदे भारतम नृत्य उत्सव 2023 की दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता (ग्रैंड फिनाले) का आयोजन किया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता (ग्रैंड फिनाले) में 980 नृत्य कलाकारों ने भाग लिया और इनमें से 500 नृत्य कलाकारों का गणतंत्र दिवस 2023 के दौरान 'नारी शक्ति' थीम पर एक भव्य सांस्कृतिक प्रदर्शन करने के लिए चयन किया गया है।

विभिन्न राज्यों के नृत्य कलाकारों ने शास्त्रीय और लोक नृत्यों का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया। नृत्य कलाकारों ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को दर्शाते हुए अन्य राज्यों के नृत्य भी प्रस्तुत किए।

ग्रैंड फिनाले में 20 दिसंबर, 2022 की शाम को एक विशेष समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और उत्तर पूर्व क्षेत्र मंत्री जी.के. रेड्डी, संस्कृति और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, संस्कृति और विदेश राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी और रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर ओम बिरला ने कहा कि आज के नृत्य प्रदर्शन न केवल भारतीय संस्कृति की विशाल विविधता बल्कि इसके जीवंत रंगों और समृद्धि को भी दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि वंदे भारतम दुनिया को वसुधैव कुटुम्बकम और अनेकता में एकता का मजबूत संदेश देता है। ओम बिरला ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत की समृद्ध विरासत और उसके लोकतांत्रिक ढांचे का उत्सव है।

केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने ग्रैंड फिनाले वंदे भारतम नृत्‍य उत्‍सव के समापन समारोह पर देशभर से आए कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि यह उत्‍सव हमारी भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने में सफल रहा है। श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कलाकारों से कहा कि उन्होंने अपने समर्पण से भारत की कला और संस्कृति को जीवंत बनाए रखा है।

इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि यह देश के लिए गर्व की बात है कि हमने पहली बार जी-20 की अध्यक्षता हासिल की है और सभी क्षेत्रों में कायाकल्प हो रहा है। वंदे भारतम भारत की विविध संस्कृति के कायाकल्प का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

वंदे भारतम नृत्य उत्सव 2023, गणतंत्र दिवस समारोह 2023 के तत्वावधान में संस्कृति मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित नृत्य प्रतियोगिता कार्यक्रम है। यह प्रतिस्‍पर्धा राज्य-केंद्र शासित प्रदेश स्तर, क्षेत्रीय स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों में आयोजित की गई थी।

लोक/जनजातीय, शास्त्रीय और समकालीन/समायोजन विधाओं में 17-30 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों से 15 अक्टूबर से 10 नवंबर 2022 तक प्रविष्टियां मांगी गई थीं। संस्कृति मंत्रालय के सात क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों द्वारा 17 नवंबर से 10 दिसंबर 2022 तक राज्य-केन्‍द्रशासित प्रदेश स्तर और क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

फाइनल में से चयन किए गए 500 नृत्य कलाकार गणतंत्र दिवस 2023 के दौरान 'नारी शक्ति' की थीम पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रदर्शन करेंगे। इस उद्देश्य के लिए, प्रसिद्ध कोरियोग्राफरों, संगीतकारों, लेखकों और रचनात्मक डिजाइनरों की एक रचनात्मक टीम को एक सहज सांस्कृतिक शो की अवधारणा के लिए इसमें शामिल किया गया है। 

Copyright @ 2019.