दिल्ली के सेंट्रल जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने आनंद पर्वत इलाके में चल रहे एक सट्टेबाजी अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए पांच जुआरियों को रंगेहाथ दबोच लिया। पुलिस ने मौके से ₹25,660 नगद दांव की राशि, 150 लिखी हुई पर्चियां, एक रजिस्टर और दो पेन बरामद किए हैं।
मामला 15 सितंबर का है, जब गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर रोहित कुमार की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने जनता पार्क, आनंद पर्वत के पास जाल बिछाकर दबिश दी। जैसे ही पुलिस ने दरवाज़ा खटखटाया, वहां मौजूद युवक भागने की कोशिश करने लगा लेकिन तुरंत काबू कर लिया गया। घर के अंदर चार और लोग सट्टे की पर्चियां लिखते पकड़े गए। सभी पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की पहचान सुनील कुमार (36), हितेश (36), दीपक सिंह बिष्ट (34), तरुण सोनी (29) और साहिल (26) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि साहिल ने यह मकान आठ हज़ार रुपये महीने पर किराए पर लिया था और यहीं से सट्टे का धंधा चल रहा था। आरोपी फ़रीदाबाद, गाज़ियाबाद और डिसावर नंबरों पर सट्टा लगवा रहे थे। न्यूनतम दांव केवल ₹10 से शुरू होता था और विजेता को 90 गुना तक रकम मिलती थी।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी सुनील कुमार पहले भी जुए और लूटपाट समेत कई मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ तिलक नगर, लोधी कॉलोनी, राजौरी गार्डन और पंजाबी बाग थानों में कुल पांच मामले दर्ज हैं।
आरोपियों के खिलाफ आनंद पर्वत थाने में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, 1955 की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि सट्टेबाजी नेटवर्क के अन्य तार भी उजागर किए जा सकें।




