
दिल्ली के नबी करीम इलाके में 2008 में हुए दिल दहला देने वाले मानव बलि के मामले में मौत की सजा पाए दोषी जितेन्द्र सिंह को दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। दोषी 2024 में फर्लो पर जेल से बाहर आया था लेकिन वापसी नहीं की और फरार हो गया था।
कुख्यात हत्यारे जितेन्द्र ने 2008 में अपने ही पिता की निर्ममता से हत्या की थी, जिसमें उसने शरीर के कई अंग काट कर मां दुर्गा की मूर्ति के सामने बलि दी थी। 2011 में कोर्ट ने उसे फांसी की सजा सुनाई थी। लेकिन 2024 में जेल से छुट्टी मिलने के बाद वह अज्ञात हो गया था।
संगतरशन पुलिस चौकी और पहाड़गंज थाने की टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर उसे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास फुटपाथ से गिरफ्तार किया, जहां वह चादर ओढ़े सो रहा था। पूछताछ में उसने पहचान स्वीकार की और गिरफ्तारी हो गई। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है।