दिल्ली पुलिस की नॉर्थ-वेस्ट जिला टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना शालीमार बाग की टीम ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो न सिर्फ स्मैक सप्लाई करने में लिप्त था बल्कि हत्या, लूट, झपटमारी और चोरी जैसे 16 संगीन मामलों में भी शामिल रहा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राहुल उर्फ चुरवा (24) निवासी हैदरपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, 9 सितंबर की रात हेड कांस्टेबल योगेश कुमार और कांस्टेबल कृष्णन इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान पासपोर्ट ऑफिस, हैदरपुर के पास रामलीला ग्राउंड के नजदीक एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.22 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में राहुल ने खुलासा किया कि वह पिछले कई सालों से ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था। वह दिल्ली के अलग-अलग स्थानों से स्मैक खरीदकर ग्राहकों को बेचता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने जल्दी पैसा कमाने के लिए अपराध की राह पकड़ी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह थाना शालीमार बाग का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ है और अब तक 16 गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
इस मामले में थाना शालीमार बाग में NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।
नॉर्थ-वेस्ट जिला डीसीपी भिशम सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। राजधानी से ड्रग्स का कारोबार खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





