दिल्ली के रन्होला थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय बच्चे की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आउटर डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि मासूम की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही चचेरे भाई ने की थी।
दरअसल, 5 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:20 बजे पुलिस को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि मोहन गार्डन इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में एक बच्चे का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि 5 वर्षीय बच्चा, जो मोहन गार्डन का रहने वाला था, उसकी गर्दन पर तेजधार हथियार से वार किए गए थे।
जांच में बच्चे के पिता पाचू महतो ने बताया कि उनका बेटा 3 मार्च से लापता था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रन्होला थाना, स्पेशल स्टाफ और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान सामने आया कि 3 मार्च को शाम करीब 3:24 बजे बच्चा आखिरी बार अपने रिश्तेदार रवि कुमार के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस का शक रवि कुमार पर गहराया और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में 22 वर्षीय रवि कुमार ने खुलासा किया कि परिवार में चल रहे विवाद के चलते वह अपनी मामी को सबक सिखाना चाहता था। इसी वजह से उसने बच्चे को बहाने से एक निर्माणाधीन इमारत में ले जाकर पहले उसका गला दबाया और फिर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को जैकेट से ढक दिया और वहां से चला गया। बाद में 5 मार्च को वह वापस उसी जगह गया और शव को घर के पास लाकर परिवार को गुमराह करने की कोशिश की। आरोपी के निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रवि कुमार (22) रन्होला का रहने वाला है और सड़क किनारे मछली बेचने का काम करता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।




