उत्तर-पश्चिम जिले के केशव पुरम थाना पुलिस ने 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर हुई चोरी का मामला महज 6 घंटे में सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घर में काम करने वाली नौकरानी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी हुआ पूरा 250 ग्राम सोना बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग महिला के घर से सोने के गहने चोरी होने की शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की गई। टीम ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए तकनीकी और स्थानीय जानकारी के आधार पर नौकरानी सुखवती को चिन्हित कर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह आसान पैसे के लालच में इस वारदात को अंजाम दे बैठी। पुलिस के अनुसार, आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह पहली बार इस तरह के अपराध में शामिल पाई गई है।
दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई कर यह साबित किया है कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।






