हॉल नंबर 12A में उमड़ रही खरीदारों की भीड़, स्वाद और गुणवत्ता के चलते बढ़ी मांग
नई दिल्ली। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार केरल का हलवा लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रगति मैदान के हॉल नंबर 12A में लगे केरल के स्टॉल पर हलवे की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। खास बात यह है कि कभी कराची हलवे के नाम से मशहूर हलवा अब केरल के कारीगर भी पारंपरिक अंदाज में तैयार कर रहे हैं और अपने स्वाद व गुणवत्ता से ग्राहकों का दिल जीत रहे हैं।
रंग-बिरंगे और आकर्षक पैकिंग में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के हलवे लोगों को खूब लुभा रहे हैं। मेले में आने वाले लोग न केवल हलवे का स्वाद चख रहे हैं, बल्कि अपने परिवार और रिश्तेदारों के लिए इसकी खरीदारी भी कर रहे हैं। ड्राई फ्रूट्स से भरपूर हलवे की खासियत और उसका पारंपरिक स्वाद इसकी लोकप्रियता बढ़ा रहा है।
स्टॉल संचालक केरल साईं हनुमान ने बताया कि इस बार ग्राहकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। हमारा सामान लोगों को काफी पसंद आ रहा है। ग्राहकों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक है और पिछले अनुभवों की तुलना में इस बार व्यापार भी अच्छा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों की पसंद और उनके विश्वास से ही हमें बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराने की प्रेरणा मिलती है।
कुल मिलाकर, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में केरल के हलवे की मिठास लोगों को खूब भा रही है। कभी कराची हलवे के नाम से पहचान बनाने वाली इस मिठाई को अब केरल के कारीगरों के हाथों तैयार होते देखना भी मेले में लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।






