दिल्ली के बवाना इलाके में हुए सनसनीखेज ‘ब्लाइंड मर्डर’ केस को आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने सुलझा लिया है। सेक्टर-5, DSIIDC बवाना में 23 वर्षीय विक्की की गला रेतकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ लिया है।
28 जनवरी को सड़क किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिलने के कारण मामला पूरी तरह ‘ब्लाइंड’ था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी सर्विलांस की मदद ली और कई लोगों से पूछताछ की।
लगातार पूछताछ के बाद खुलासा हुआ कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले झगड़ा हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए नाबालिगों ने साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद किए हैं। सभी नाबालिगों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस केस के खुलासे के साथ ही दिल्ली पुलिस ने एक जटिल और चुनौतीपूर्ण मर्डर मिस्ट्री को सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है।





