
दिल्ली के महरौली स्थित ऐतिहासिक अहिंसा स्थल पर भगवान महावीर स्वामी की विशाल प्रतिमा का 24 वर्षों बाद महामस्तकाभिषेक महोत्सव बड़े श्रद्धा भाव और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। वीर प्रभु के जन्मकल्याणक के अवसर पर 10 से 14 अप्रैल तक चले इस आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
मुनिश्री 108 प्रण्यम सागर जी महाराज की दिव्य उपस्थिति और आशीर्वचनों ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचाया, वहीं सकल जैन समाज की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
मनोनीत निगम पार्षद श्री मनोज कुमार जैन ने इस अवसर को दिव्यता और आशीर्वाद से परिपूर्ण बताते हुए आयोजन समिति का आभार जताया।
धर्मस्थल के धर्माधिकारी डॉ. वीरेंद्र हेगड़े सहित कई गणमान्य अतिथि, समाजसेवी और श्रद्धालु इस अद्वितीय पर्व के साक्षी बने, जिसने न केवल भक्तों को भावविभोर किया, बल्कि पूरे वातावरण को शांति और अहिंसा के संदेश से भर दिया।