नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) स्पिक मैके और एसआरएफ फाउंडेशन के सहयोग से “म्यूजिक इन द पार्क” का एक और संस्करण आयोजित करेगी। शास्त्रीय संगीत प्रेमियों को प्रकृति के साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत की सुंदरता का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह मनमोहक शास्त्रीय संगीत संध्या नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित नेहरू पार्क में रविवार, 22 नवंबर, 2026 को अपराह्न 03:00 बजे से आयोजित होगी।
इस संगीतमय संध्या का शुभारंभ श्री उल्हास कशलकर (हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन) की मनमोहक प्रस्तुति से होगा, जिसमें उनके साथ श्री सुरेश तलवलकर एवं श्री विनय मिश्रा संगत करेंगे।
इसके पश्चात श्री अभिषेक लाहिड़ी (सरोद वादन) अपनी प्रस्तुति देंगे, जिसमें उनके साथ श्री आरोह, श्री ओजेश एवं श्री शुभ महाराज संगत करेंगे।
ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के माध्यम से, एनडीएमसी का उद्देश्य शहरी जीवन को समृद्ध बनाना, भारत की समृद्ध संगीत विरासत को बढ़ावा देना और महानगरीय शहरों के निवासियों को उनकी दिन-प्रतिदिन की बढ़ती व्यस्त दिनचर्या के तनाव और एकरसता से एक तरोताजा राहत प्रदान करना है।
कला और संस्कृति को बढ़ावा देना एनडीएमसी अधिनियम-1994 की धारा 12 के तहत परिषद के कार्यों में से एक है। यह प्रावधान परिषद को कला और संस्कृति को संग्रहालयों और सभागारों की चारदीवारी से बाहर निकालकर खुले में लाने की जिम्मेदारी देता है, जहाँ आम जनता भाग ले सके।
नेहरू पार्क में कार्यक्रम के लिए प्रवेश नीति मार्ग से है और सभी के लिए निःशुल्क है। संगीत कार्यक्रम नेहरू पार्क की सुंदर और शांत परिवेश में आयोजित किए जाते हैं, जहाँ दर्शक प्रसिद्ध और उभरते हुए कलाकारों के लाइव प्रदर्शन का निःशुल्क आनंद ले सकते हैं।





