उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में दिल्ली पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5.048 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसे वह इलाके में बेचने की फिराक में था।
पुलिस को 20 अप्रैल की शाम को विशेष सूचना मिली थी कि सी-1 ब्लॉक क्षेत्र में एक व्यक्ति गांजा बेचने की गतिविधियों में शामिल है। सूचना मिलते ही थाना नंद नगरी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में जाल बिछाया और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उसके पास से गांजे के पांच पैकेट बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव (29) के रूप में हुई है, जो नंद नगरी का ही निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह अवैध रूप से गांजे की सप्लाई और बिक्री में शामिल था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी को गांजा कहां से मिल रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






