पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मां शक्ति अंतरराष्ट्रीय संस्था द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में दिव्यांगजनों ने अद्भुत योग प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। न केवल उन्होंने खुद योग किया बल्कि लगभग 1,500 लोगों को योग सिखाकर प्रेरित भी किया।
गूंगे-बहरे बच्चों, स्पेशल बेटियों और नवदुर्गाओं ने योग, नृत्य और गायन से मंच को जीवंत कर दिया। वहीं कैंसर को मात देने वाले योद्धाओं ने भी अपनी प्रेरणादायक कहानियों के साथ योग की शक्ति को उजागर किया।
संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट अनीता गुप्ता, जो स्वयं एक दिव्यांग और कैंसर सर्वाइवर हैं, ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। शाहदरा व कृष्णा नगर के विधायक, यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के अध्यक्ष जय भगवान गोयल, मिसेज यूनिवर्स रूबी यादव, और कई अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
योग गुरु रूपा और रिसर्च ऑफिसर योजना ने दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए। VLCC और BLK अस्पताल की टीमों ने भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर उद्यमी वीरेंद्र सक्सेना को “दिव्य देवदूत अवॉर्ड” के लिए नामित किया गया।
कड़कड़डूमा कोर्ट व ज़ी टीवी हॉस्पिटल सहित कई स्थानों पर भी योग सत्र आयोजित कर मां शक्ति ट्रस्ट ने यह सिद्ध किया कि योग दिव्यांगता और बीमारी दोनों पर विजय का मार्ग है।







