(09/03/2015) 
मिजोरम के साइहा जिले का चयन "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" कार्यक्रम के लिए
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" कार्यक्रम का पूर्वोत्तर क्षेत्र में औपचारिक लॉच किया गया। इस कार्यक्रम के लिए देश के 100 जिलों में से मिजोरम के साइहा जिले का चयन किया गया है।

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास, प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने आज यहां यह जानकारी देते हुए कहा कि अविकसित पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए महिला दिवस पर इससे अच्छा उपहार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि नरेन्द्र मोदी सरकार पूर्वोत्तर तथा जम्मू-कश्मीर राज्यों को उच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय लेने में पूर्वोत्तर क्षेत्र में लड़कियों की कम होती संख्या ने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में लड़कियों की संख्या में कमी केवल कन्या भ्रूण हत्या के कारण नहीं हो रही है बल्कि नवजात मृत्यु दर अधिक होने के कारण भी हो रही है। 

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक विरासत से सम्पन्न है और जीवन के सभी क्षेत्रों में महिलाओं ने पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को प्रोत्साहित करने तथा महिलाओं की अधिकारिता से पूर्वोत्तर क्षेत्र का समग्र विकास होगा। 

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्यों में उच्च शिक्षा के पर्याप्त अवसर की कमी के परिणाम स्वरूप लड़के उच्च शिक्षा के लिए देश के अन्य भागों में जाते हैं और लड़कियां कम संख्या में बाहर जाती हैं। उन्होंने कहा कि "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" कार्यक्रम से क्षेत्र की महिलाओं में साक्षरता के प्रति जागरुकता बढ़ेगी।
Copyright @ 2019.