(27/04/2015) 
क्या मारा गया आईएस प्रमुख बगदादी ?
तेहरान : आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के प्रमुख अबू बक्र अल-बगदादी के मारे जाने की खबर है। रेडियो ईरान ने बगदादी की मौत का दावा किया है। अगर ये खबर सही है तो आईएस के लिए ये सबसे बड़ा झटका होगा और उसके खिलाफ मोर्चा ले रही सेनाओं के लिए सबसे बड़ी कामयाबी।

इसी साल मार्च में अमेरिका की अगुवाई में यहां जो हवाई हमला किया गया, उसमें बगदादी को गंभीर चोटें आई थी। पहले यह चोट बगदादी के लिए जानलेवा साबित हो रही थी लेकिन पिछले कुछ दिनों में उसकी सेहत में सुधार देखा गया था। ऐसा बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल होने के चलते बगदादी अपने गुट की गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं रख पा रहा था।
अगर बगदादी के मारे जाने की खबर सही है तो आईएस के लिए आने वाले दिन भारी पड़ सकते हैं। उसकी हालत ठीक वैसी हो सकती है जैसी ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद अलकायदा की हो गई है। बगदादी आईएस की मुख्य धुरी रहा है और उसने खुद को खलीफा घोषित करने के बाद इस संगठन पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली थी। अगर उसकी मौत की खबर सही है तो आईएस के लिए मैदान पर जमे रहना मुश्किल हो जाएगा।
बताया जा रहा है कि मोसुल से 200 मील दूर पश्चिम में स्थित अल-बाज में बगदादी अपना ज्यादातर समय बिता रहा था।
माना जाता है कि बगदादी सामर्रा के निकट इराक में 1971 में पैदा हुआ हैं। उसने बगदाद के इस्लामी विज्ञान विश्वविद्यालय से इस्लामी विज्ञान में मास्टर की डिग्री हासिल की। जिहादी वेबसाइटों का दावा है कि वह प्रतिष्ठित परिवार का पढ़ा-लिखा इमाम है। वह 2003 में इराक में अमेरिकी घुसपैठ के बाद बागी गुटों के साथ अमेरिकी फौज से लड़ता रहा है।
Copyright @ 2019.