(07/05/2015) 
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए छत्तीसगढ़ तैयार - डॉ. रमन सिंह
रायपुर। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा उनके भव्य स्वागत की रूपरेखा तैयार करने के लिए नये भाजपा कार्यालय में बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, भाजपा महामंत्री शिवरतन शर्मा व भूपेन्द्र सवन्नी, मंत्रीगण बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर तथा प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के दौरे से प्रदेश में उत्साह का वातावरण है। बस्तर में विपरित परिस्थिति के बावजूद वहां के लोगों में गजब का उत्साह मेरे दौरे के दौरान देखने को मिला। हर गांव के चौपाल में मोदी के आगमन की चर्चा हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधानसभा व लोकसभा में छत्तीसगढ़ में भाजपा को विजयी बनाने के लिए लगातार दौरा किया और अब हमारा कर्तव्य है कि प्रथम आगमन पर मोदी जी का ऐतिहासिक स्वागत हो। जिसके लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए आतूर हैं। प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ के लिए अनेक सौगातें लेकर आ रहे हैं। जिसमें बस्तर में मेगा स्टील प्लांट और रेललाइन हेतु एमओयू जिसकी लागत 24 हजार करोड़ है। उसी तरह रायपुर में आईआईआईटी का शुभारंभ व अफोर्डेबल हाउसिंग के तहत 40 हजार आवासी योजना की आधारशिला रखेंगे।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने संगठनात्मक दृष्टिकोण रखते हुए प्रदेश भाजपा के नेताओं से आग्रह किया है कि वे कम समय में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आगमन को ऐसा रूप व आकार दें कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ से यह संदेश जाय कि एक लोकप्रिय नेता का कैसा स्वागत व सत्कार होना चाहिए। कम समय में बड़ी चुनौती हमारे सामने है। बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को सुनना चाहते हैं।
प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रथम आगमन पर हमने उनका भव्य स्वागत किया था। जिसकी चर्चा पूरे देश में आज तक होती है। उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी का भव्य व ऐतिहासिक स्वागत प्रथम आगमन पर हम सब को करना है।  उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में होली के दिन भी बड़ी संख्या में लोग नरेन्द्र मोदी जी को देखने व सुनने पहुंचे जो उनकी लोकप्रियता दर्शाती है। अब उनका छत्तीसगढ़ प्रवास हो रहा है। जिसमें हम सबको अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उनके आगमन को ऐतिहासिक बनाना है। 
लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जो भी कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल में आना चाहते हैं वे दोपहर 12 बजे से पूर्व आकर आपना स्थान ग्रहण कर लें क्योंकि प्रधानमंत्री के आगमन से 1 घंटा पूर्व सुरक्षा व्यवस्था के कारण कार्यक्रम स्थल की ओर आने वाले सभी मार्ग बंद कर दिये जाएंगे। इसलिए अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए समय पर स्थान ग्रहण कर लें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल के चारो ओर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 
कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी बैठक में प्रधानमंत्री के छत्तीसगढ़ आगमन को सफल बनाने के लिए उपस्थित जनों को सुझाव दिया। 
Copyright @ 2019.