(20/05/2015) 
उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती के लिए अब नहीं होगी परीक्षा
उत्तर प्रदेश में पुलिस की भर्ती अब और भी आसान हो जाएगी, क्योकि पुलिस में भर्ती होने के लिए अब लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी, नौजवानों को केवल फिजिकल टेस्ट व इंटरव्यू देना होगा तथा अंकतालिकाएं दिखानी होंगी। यह बात मंगलवार को मुखयमंत्री अखिलेश यादव ने एरच बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना के शिलान्यास समारोह में कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। पुलिस में चालीस हजार सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। जल्द ही चालीस हजार भर्तियां और की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती में नौजवानों को कड़ी लिखित परीक्षा से गुजरना होता है। लेकिन, आने वाले दिनों में सरकार ऐसा कोई रास्ता निकालेगी, जिससे लिखित परीक्षा विहीन भर्ती प्रक्रिया की जा सके। इस दौरान अखिलेश ने सरकार की उपलब्धियों का जमकर बखान किया। जबकि, केंद्र पर किसानों की मदद न करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा। बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के सदमे से मरने वाले 18 किसानों के आश्रितों को सात - सात लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मौत पर हल्ला तो खूब मचाया जाता है, परंतु उनकी मदद नहीं की जाती। केंद्र सरकार को सबसे ज्यादा सांसद उत्तर प्रदेश ने दिए हैं। इस नाते केंद्र पर जिम्मेदारी ज्यादा है। केंद्र सरकार मृतक किसानों के परिवारों को प्रदेश सरकार से दोगुना मुआवजा 14 - 14 लाख रुपये उपलब्ध कराए। 
Copyright @ 2019.