(16/03/2016) 
पाकिस्तान के पेशावर में बस में बम धमाका, 15 की मौत
पेशावर। पाकिस्तान के पेशावर में बुधवार को सुनहरी मस्जिद के सामने एक बस में धमाका हुआ। इसमें सवार 15 लोगों की मौत हो गई है और 30 लोग घायल हुए हैं। बस सरकारी कर्मचारियों को ले जा रही थी। मरने वालों में अधिक संख्या सरकारी कर्मचारियों की बताई जा रही है। बस में करीब 40-50 लोग सवार थे।

पुलिस ने जानकारी में बताया, बस की सीट के नीचे 8 किलो का टाइम बम लगाया हुआ था। धमाके की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है, लेकिन तहरीक-ए-तालिबान पर इसका शक जताया जा रहा है। इस हादसे के बाद पेशावर के तीन बड़े अस्पतालों में इमरजेंसी लागू की गई है। घायलों अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हमले की कड़ी निंदा की और मरने वालों के परिजनों को सांत्वना दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कायरता पूर्ण हमले आतंकवाद के खिलाफ उनकी लड़ाई को रोक नहीं पाएंगे।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है जब सिविल सेक्रेटेरिएट के कर्मचारियों को निशाना बनाया गया हो। इसके पहले साल 2013 और 2012 में भी सिविल सेक्रेटेरिएट की बस को निशाना बनाया गया था जिसमें 38 लोगों की मौत हो गई थी।
Copyright @ 2019.