(21/03/2016) 
पाकिस्तान ने 86 भारतीय मछुआरों को किया रिहा
पाकिस्तान ने 86 और भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया जो उसकी जल सीमा में प्रवेश कर गए थे। इस महीने सद्भावना प्रयास के तहत दूसरी बार पाकिस्तान ने भारतीय मछुआरों को रिहा किया है। कराची के मलीर जेल के अधीक्षक रजा मुमताज ने कहा कि मलीर जेल से रिहा किए गए 86 मछुआरे रेलगाड़ी से लाहौर आएंगे और वाघा सीमा पर उन्हें भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा ईदी ट्रस्ट ने लाहौर तक उनकी यात्रा का प्रबंध किया है और उन्हें उपहार और नकदी के साथ विदा किया जाएगा।

सद्भावना प्रयास के तहत भारतीय मछुआरों को रिहा किया :
एनबीटी की खबर के मुताबिक, इस महीने दूसरी बार सरकार ने सद्भावना प्रयास के तहत भारतीय मछुआरों को रिहा किया है। छह मार्च को भी 86 भारतीय मछुआरे और एक अन्य कैदी जो करीब ढाई वर्ष तक जेल की सजा काट काट चुके है, उसे भी लांधी जेल से रिहा किया गया था। वेरावल में गुजरात मात्सि्यकी विभाग के सहायक अधीक्षक विमल पांड्या ने कहा, कराची की लांधी जेल से 86 भारतीय मछुआरों के एक अन्य समूह को 21 मार्च को रिहा किया जाएगा। उन्होंने कहा, 21 मार्च को रिहा किए जा रहे ये मछुआरे करीब तीन साल पहले अरब सागर में उनकी नौकाओं के  भारत और पाकिस्तान के बीच की अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पार चले जाने के वजह से पीएमएसए द्वारा गिरफ्तार किए गए थे।
 
मछुआरों को  घर पहुंचने में दो दिन लगेंगे :-
पांड्या ने बताया कि ये मछुआरे 22 मार्च को वाघा सीमा पहुंचेंगे और उन्हें गुजरात में अपने घर पहुंचने में दो दिन लगेंगे। इसी बीच नेशनल फिशवर्कर्स फोरम (NFF) सचिव मनीष लोढारी ने बताया कि इस संगठन को 18 मछुआरों की एक सूची मिली है, ये मछुआरे पिछले करीब तीन साल से पाकिस्तान की जेल में बंद हैं। जेल में बंद इन मछुआरों ने हाल ही रिहा किए गए मछुआरों के द्वारा चिट्ठी भेजकर अपनी रिहाई की मांग की है।
 
प्रियंका भारद्वाज 
ब्यूरो रिपोर्ट 
समाचार वार्ता
Copyright @ 2019.